अमिताभ श्रीवास्तव
-ईरान के खेल मंत्री अहमद दुन्यामाली ने कहा है कि यदि विश्व कप मैचों के दौरान गैर-स्वीकृत झंडे दिखाए गए या राष्ट्रीय टीम के खिलाफ नारेबाजी हुई, तो ईरानी टीम मैच रुकवाने की मांग कर सकती है।
-खिलाड़ियों के लिए नॉर्वे से ३०० किलो लाल मछली, ११६ किलो चीज और ६,००० संतरे अमेरिका भेजे गए हैं, ताकि उन्हें घर जैसा माहौल मिल सके।
फुटबॉल विश्वकप शुरू ईरान की धमकी
फुटबॉल विश्वकप शुरू हो गया है। इसी बीच ईरान की धमकी आई है। ईरान के खेल मंत्री अहमद दुन्यामाली ने चेतावनी दी है कि अगर फीफा विश्व कप मुकाबलों के दौरान स्टेडियम में आधिकारिक रूप से स्वीकृत नहीं किए गए झंडे प्रदर्शित किए गए या राष्ट्रीय टीम के खिलाफ नारेबाजी की गई तो ईरानी टीम मैच रोक सकती है। ईरान ग्रुप-जी में है। इस टीम का पहला मुकाबला १५ जून को लॉस एंजिलिस में न्यूजीलैंड से होगा। २१ जून को उसी जगह पर ईरान की टीम बेल्जियम से भिड़ेगी, जबकि २६ जून को सिएटल में मिस्र के खिलाफ इस टीम का सामना होगा। ईरानी मीडिया के अनुसार, दुन्यामाली ने कहा, ‘हमने फीफा को बता दिया है कि जहां ईरान विश्व कप में खेलेगा, अगर उन स्टेडियम में आधिकारिक रूप से स्वीकृत नहीं किए गए झंडे लाए जाते हैं या राष्ट्रीय टीम के खिलाफ नारे लगाए जाते हैं तो टीम मैनेजर निश्चित रूप से मैच रोकने के लिए जिम्मेदार होंगे।’ मंत्री ने आगे कहा कि ईरानी अधिकारियों को टीम के ग्रुप-स्टेज के आखिरी मैच को लेकर आश्वासन मिला है। उन्होंने कहा, हमें भरोसा दिलाया गया है कि मिस्र के खिलाफ मुकाबले के दौरान स्टेडियम में कोई भी गड़बड़ी वाली घटना नहीं होगी।
नॉर्वे कॉम्बिनेशन मछली चीज और संतरे
एक तरफ जहां फुटबॉल विश्वकप में टीमें अपने-अपने कॉम्बिनेशन बनाने में जुटी है वहीं नॉर्वे की टीम का अलग ही कॉम्बिनेशन चल रहा है। उसे फिक्र अपने खिलाड़ियों के खाने की भी है। बता दें कि नॉर्वे की फुटबॉल टीम पूरे २८ वर्षों के बाद फीफा विश्व कप में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका पहुंची है। इससे पहले टीम ने आखिरी बार १९९८ के टूर्नामेंट में भाग लिया था। इस बार टीम की कमान और उम्मीदें मैनचेस्टर सिटी के एर्लिंग हालैंड और प्रीमियर लीग चैंपियन आर्सेनल के कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड जैसे स्टार खिलाड़ियों पर टिकी हैं। खेल के मैदान के साथ-साथ नॉर्वे की टीम इस समय अपने विशेष खान-पान के इंतजामों के कारण भी मीडिया की सुर्खियों में बनी हुई है। जी हां, २८ साल बाद फीफा विश्व कप में वापसी कर रही नॉर्वे की फुटबॉल टीम इस समय नॉर्थ वैâरोलिना के ग्रीन्सबोरो में जमकर पसीना बहा रही है। मोरोक्को के खिलाफ वार्म-अप मैच खेल चुकी यह टीम इस समय अपने खाने के शौकीन अंदाज के लिए चर्चा में है। खिलाड़ियों को अमेरिका में घर जैसा माहौल देने के लिए नॉर्वे से खास तौर पर ३०० किलो लाल मछली, ११६ किलो चीज और ६,००० संतरे अमेरिका लाए गए हैं। नॉर्वे का यह कॉम्बिनेशन वाकई देखने लायक है।
