मुख्यपृष्ठखेलआउट ऑफ पवेलियन : इंस्टा से मिली प्रेमिका की मौत की खबर

आउट ऑफ पवेलियन : इंस्टा से मिली प्रेमिका की मौत की खबर

अमिताभ श्रीवास्तव

जीवन में कब क्या हो जाए कुछ नहीं कहा जा सकता। इसलिए जो अभी है उसे भरपूर जी लिया जाना चाहिए। यही नैप और मकेना की प्रेम कहानी कहती है। अमेरिका के गोल्फ स्टार जेक नैप भविष्य की योजनाएं बना रहे थे मगर उन्हें क्या पता था कि एक दिन वो इंस्टा पर अपनी प्रेमिका की पोस्ट देखेंगे तो पता चलेगा कि उसकी मौत हो गईं है। जी हां, नैप ने अपनी प्रेमिका मकेना व्हाइट की मौत की खबर इंस्टाग्राम पर पाई और वह टूट गया। मकेना व्हाइट २८ वर्ष की अल्प आयु में ही नैप को छोड़कर चली गईं। नैप और मकेना पिछले दो वर्ष से डेटिंग कर रहे थे। दुनिया के टॉप हंड्रेड खिलाड़ियों में से एक नैप ने जब पिछले साल मैक्स्किो ओपन में अपनी पहले पीजीए टूर को जीता तब दुनिया को पता चला था कि इस चैंपियन का इश्क मकेना से चल रहा है। मकेना ओटावा की रहने वाली थी जिसने २०१९ में व्हाइट मैकमास्टर विश्वविद्यालय से संचार और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की थी। उसने सर्जिकल सामान बिक्री का काम शुरू किया था जिसमें मुख्य रूप से संवहनी और हृदय शल्य चिकित्सकों को उपकरण उपलब्ध कराने का काम था। साथ ही खेलों के प्रति उसकी रूचि थी। मकेना व्हाइट नियमित रूप से अपने गृहनगर की हॉकी टीम ओटावा सीनेटर्स का समर्थन करती थीं। नैप से पहली ही मुलाकात में अपना दिल दे बैठी थी। नैप के संघर्ष को देखते हुए मकेना उसकी प्रोफेशनल लाइफ में रंग भर ही रही थी कि अचानक उसकी मृत्यु हो गईं। मृत्यु का कारण पता नहीं चल सका है मगर नैप के जीवन में मानो अंधेरा छा गया है।

मेरे रोस्को के लिए
प्रार्थना करो!
उसे दिल का दौरा पड़ा था, अस्पताल में भर्ती है मगर अब वो कोमा में चला गया है। उसके लिए प्रार्थना करो। जी हां ये शब्द हैं फॉर्मूला वन के दिग्गज लुईस हैमिल्टन के जिनका प्यारा कुत्ता मौत के कगार पर है। लुईस ने स्वीकार किया है कि उनका प्रिय कुत्ता रोस्को कोमा में चले जाने के बाद शायद कभी नहीं जाग पाएगा। अजीब होता है न मनुष्य का पशु प्रेम और पशु भी ऐसे वफादार जो अपने मालिक को नहीं छोड़ते। मगर मौत ऐसी घटना है जो प्रेम वगैरह नहीं देखती। बहरहाल, सात बार के एफ१ विश्व चैंपियन के कुत्ते को अप्रैल में निमोनिया होने का पता चला था और तब से उसका इलाज दवाओं से किया जा रहा है। लेकिन ४० वर्षीय हैमिल्टन ने अब एक नई चिंताजनक जानकारी साझा की है, जिसमें बताया गया है कि रोस्को को निमोनिया का दूसरा दौरा पड़ा था और जब पशुचिकित्सक उसका इलाज करने पहुंचे तो उसकी हृदय गति रुक ​​गई। हैमिल्टन ने कहा ‘कृपया रोस्को को अपने विचारों में रखें। मैं आप सभी को अपडेट रखना चाहता हूं। रोस्को को फिर से निमोनिया हो गया और उसे सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी जांच के दौरान उसे शांत रखने के लिए बेहोशी की दवा दी गई और इस प्रक्रिया के दौरान उसकी हृदय गति रुक ​​गई। उन्होंने कहा, ‘वे दिल की धड़कन वापस लाने में कामयाब रहे मगर अब वह कोमा में है। रोस्को एफ१ द मूवी में भी दिखाई दिया था और ब्रैड पिट जैसे प्रमुख सितारों के साथ उसका नाम भी क्रेडिट में था। इंस्टाग्राम पर भी इस कुत्ते के १.३ मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं।

अन्य समाचार