एशिया कप २०२५ में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच के बाद ‘नो हैंडशेक’ विवाद सुर्खियों में रहा। भारत ने यह मुकाबला ७ विकेट से जीतने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया और पूरी टीम सीधे ड्रेसिंग रूम चली गई। पाकिस्तान को यह व्यवहार अस्वीकार्य लगा और उन्होंने एसीसी और आईसीसी से इसकी शिकायत की। साथ ही, मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की भी मांग की। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) का आरोप है कि भारतीय खिलाड़ियों ने ‘स्पिरिट ऑफ क्रिकेट’ का उल्लंघन किया और रेफरी ने भी सख्ती नहीं दिखाई। इस पर अब बीसीसीआई ने सफाई दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हाथ मिलाना खेल भावना का हिस्सा है, कोई अनिवार्य नियम नहीं। उन्होंने बताया कि जब दो देशों के रिश्ते तनावपूर्ण हों, तो खिलाड़ियों पर ऐसा कोई दबाव नहीं बनाया जा सकता। इसलिए भारतीय टीम के रवैये को नियमों के खिलाफ नहीं माना जा सकता।
