मुख्यपृष्ठस्तंभपॉलिटिका : अगर यूपीआई मुफ्त है तो कौन चुका रहा है कीमत?

पॉलिटिका : अगर यूपीआई मुफ्त है तो कौन चुका रहा है कीमत?

-डिजिटल इंडिया के पीछे छिपा अर्थव्यवस्था का राजनीतिक सच

के.पी. मलिक

भारत की डिजिटल क्रांति को सरकार अपनी बड़ी उपलब्धियों में गिनाती है। स्मार्टफोन से भुगतान, क्यूआर कोड और यूपीआई ने सचमुच आम आदमी की जिंदगी आसान की है। ४० रुपए की ब्रेड से लेकर लाखों रुपए के कारोबार तक पैसा कुछ सेकंड में पहुंच जाता है। लेकिन किसी भी राजनीतिक सत्ता से असली सवाल यह नहीं होना चाहिए कि सुविधा कितनी बड़ी है; सवाल यह होना चाहिए कि उस सुविधा की आर्थिक कीमत कौन चुका रहा है और उससे पैदा होनेवाली ताकत किसके हाथ में जा रही है?
यूपीआई उपभोक्ता के लिए लगभग मुफ्त है, लेकिन उसकी पूरी आधारभूत संरचना मुफ्त नहीं है। बैंक, भुगतान करनेवाली कंपनियां, भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई), टेलीकॉम नेटवर्क्स, साइबर्सिक्योरिटी और डाटा इंप्रâास्ट्रक्चर आदि इन सबकी लागत है। आज सरकार और व्यवस्था डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए इस लागत का बड़ा हिस्सा अलग-अलग माध्यमों से खपाती हैं। लेकिन जब अरबों लेन-देन पर टिका भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र लगातार बढ़ता जाएगा, तब उसका टिकाऊ व्यवसाय मॉडल क्या होगा? यही वह सवाल है जिस पर सार्वजनिक बहस अभी बहुत कमजोर है। व्यापारी छूट दर (एमडीआर) का विवाद इसी बड़े सवाल की पहली झलक है।
यदि कभी व्यापारी-पक्ष डिजिटल भुगतान की लागत बढ़ती है तो दुकानदार के पास उसे अपनी जेब से भरने का विकल्प सीमित होगा। लागत किसी न किसी रूप में उत्पाद मूल्य, सेवा शुल्क या लाभ के रास्ते ग्राहक तक पहुंचेगी यानी यूपीआई पर शुल्क दिखाई न दे, तब भी उसकी कीमत आपकी जेब से निकल सकती है। यही अप्रत्यक्ष कराधान का नया डिजिटल संस्करण बनने का खतरा है, लेकिन कहानी सिर्फ पैसे की नहीं है। असली राजनीतिक पूंजी अब डेटा है।
आप कब खरीदारी करते हैं, कितना खर्च करते हैं, किस तरह के दुकानदार या अन्य व्यापारी को भुगतान करते हैं, आपकी खपत या खर्च करने का तरीका क्या है कि हर डिजिटल लेन-देन एक आर्थिक निशान छोड़ता है। इसका अर्थ यह नहीं कि आपका यूपीआई डेटा सीधे बेच दिया जाता है। असली सवाल इससे बड़ा है कि आपकी आर्थिक जिंदगी से पैदा होनेवाली डेटा की कीमत का मालिक कौन है? यहीं डिजिटल इंडिया की सबसे बड़ी विडंबना दिखाई देती है। नागरिक सुविधा का उपभोक्ता है, लेकिन उसी समय वह डेटा का निर्माता भी है। वह भुगतान करता है, सिस्टम को ट्रांजैक्शन देता है और अपनी आर्थिक गतिविधि का डिजिटल रिकॉर्ड भी छोड़ता है।
दरअसल, सवाल यह है कि इस नई डिजिटल वैâपिटल से सबसे बड़ा लाभ नागरिक को मिल रहा है या उस पारिस्थितिकी तंत्र को, जो उसके डेटा और ट्रांजैक्शंस के आसपास खड़ा हो रहा है? और इस पूरी व्यवस्था में सबसे बड़ा दबाव मध्यम वर्ग पर पड़ सकता है। वही टैक्स देता है, वही सर्वाधिक उपयोग करता है, वही बैंकिंग  शुल्क, ऋण, बीमा, ईएमआई और डिजिटल सेवाओं का लगातार भुगतान करता है। अगर डिजिटल इकोनॉमी की नई लागतें धीरे-धीरे कीमतों और सेवा शुल्क यानी सर्विस चार्ज में जुड़ती गर्इं तो हर शुल्क छोटा लगेगा, लेकिन साल के अंत में उसका बोझ बड़ा होगा यानी मध्यम वर्ग केवल अर्थव्यवस्था का उपभोक्ता नहीं, उसकी सबसे अदृश्य फंडिंग मशीन भी बन सकता है।
सबसे बड़ा भ्रम यह है कि बढ़ते यूपीआई ट्रांजैक्शंस यानी लेन-देन को बढ़ती आर्थिक खुशहाली का प्रमाण मान लिया जाए। अरबों ट्रांजैक्शंस का अर्थ यह नहीं कि अरबों परिवारों की आय बढ़ गई। ट्रांजैक्शन बढ़ सकता है, लेकिन रोजगार, वास्तविक आय और खरीददारी की ताकत कमजोर हो सकती है। स्क्रीन पर अर्थव्यस्था चमक सकती है और घर का बजट फिर भी अंधेरे में रह सकता है। इसलिए सवाल यूपीआई के खिलाफ नहीं है। यूपीआई भारत की बड़ी उपलब्धि है। सवाल उस आर्थिक और राजनीतिक मॉडल का है जो यूपीआई के पीछे धीरे-धीरे आकार ले रहा है।
बहरहाल, आज पेमेंट डिजिटल है। कल क्रेडिट डिजिटल होगा, इंश्योरेंस डिजिटल होगा, बचत डिजिटल होगा और उपभोक्ता का वित्तीय व्यवहार भी एल्गोरिथ्म के लिए पढ़ने योग्य होगा। तब सवाल सिर्फ यह नहीं रहेगा कि आपका पैसा कहां गया। सवाल होगा कि आपके पैसे से पैदा होनेवाली जानकारी किसकी है? आपके डेटा से पैदा होनेवाली वैल्यू किसकी है? और इस पूरी डिजिटल इकोनॉमी की अंतिम कीमत कौन चुका रहा है? डिजिटल इंडिया की असली परीक्षा ट्रांजैक्शन की संख्या नहीं, इकोनॉमिक्स पॉवर का वितरण है। क्योंकि जिस दिन नागरिक को यह सुविधा तो मिले कि वह एक सेकंड में भुगतान कर सके, लेकिन यह पता न हो कि उस भुगतान से पैदा हुई वैल्यू किसके पास जमा हो रही है, उस दिन डिजिटल इंडिया केवल सुविधा का मॉडल नहीं रहेगा। वह सत्ता, पूंजी और डेटा के नए गठजोड़ का मॉडल बन जाएगा और तब सबसे बड़ा सवाल यूपीआई का नहीं होगा। सवाल होगा कि डिजिटल इंडिया में नागरिक मालिक है या सिर्फ डेटा देने वाला ग्राहक?
(लेखक दैनिक भास्कर के राजनीतिक संपादक हैं)

अन्य समाचार