राजेश सरकार / प्रयागराज
केंद्रीय इलाहाबाद विश्वविद्यालय से संबद्ध राजर्षि टंडन महिला महाविद्यालय मालवीय नगर में राजभाषा हिंदी सप्ताह का मंगलवार को भव्य समापन समारोह हुआ। मुख्य अतिथि इलाहाबाद विश्वविद्यालय हिंदी विभाग एवं संयोजक राजभाषा क्रियान्वयन समिति प्रोफेसर कुमार बीरेंद्र ने महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो.रंजना त्रिपाठी एवं प्रो.नीलिमा सिंह संग मां सरस्वती तथा राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप जलाकर समारोह का प्रारंभ किया।
उन्होंने “हिंदी के विकास में इलाहाबाद प्रेस एवं संस्थाओं का योगदान” विषय पर लीडर प्रेस, इंडियन प्रेस और चांद प्रेस लि. की चर्चा की। बताया कि इन प्रेस एवं संस्थाओं ने हिंदी के विकास के साथ में समाज के बिखराव को समन्वित किया। आजादी की लड़ाई में राजनीतिक चेतना पैदा करने, स्वतंत्रता सेनानियों को संरक्षण देने एवं महिलाओं में राजनीतिक चेतना पैदा करने में चांद पत्रिका के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने सरस्वती पत्रिका, कामायनी, राम की शक्ति पूजा, गीताजंली, साकेत और भविष्य नामक अखबार का भी उल्लेख किया। राजभाषा के साप्ताहिक कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जिसमें कई महिला कॉलेज की छात्राओं ने भाग लिया। संचालन डॉ. वर्षा अग्रवाल ने किया। समारोह में प्रो. नमिता यादव, डॉ प्रताप बहादुर पटेल, डॉ.अश्वनी कुमार राय, डॉ. अनामिका तिवारी, डॉ समीनाज, डॉ अनिल कुमार, डॉ मनोज कुमार, डॉ अंशु त्रिपाठी, डॉ अदिति, डॉ यशस्वी पांडेय, डॉ अभिषेक तिवारी, शोध छात्र एवं कॉलेज की समस्त छात्राएं उपस्थित रही।
