मुख्यपृष्ठनए समाचारसंगम नगरी में अपराधियों और भू-माफियाओं पर शिकंजा कसने की तैयारी...जुलाई अंत...

संगम नगरी में अपराधियों और भू-माफियाओं पर शिकंजा कसने की तैयारी…जुलाई अंत तक लंबित फाइलें करनी होंगी निस्तारित

राजेश सरकार / प्रयागराज

संगम नगरी में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने और अपराधियों पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए प्रयागराज पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित त्रिवेणी सभागार में पुलिस आयुक्त (कमिश्नर) जोगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। इसमें अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. अजय पाल शर्मा समेत जिले के सभी पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) और थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक में कमिश्नर ने साफ लहजे में चेतावनी देते हुए जुलाई महीने के अंत तक सभी पेंडिंग केसों को निपटाने का डेडलाइन तय कर दिया है।
‘जुलाई अंत तक अल्टीमेटम’
कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने विवेचनाओं में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। 60 और 90 दिनों से लंबित पड़ी सभी विवेचनाओं को जुलाई माह के अंत तक हर हाल में पूरा करने का हुक्म दिया गया है। केस का निस्तारण न केवल तेजी से हो, बल्कि वह गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी भी होना चाहिए। सभी सहायक पुलिस आयुक्तों को निर्देशित किया गया है कि वे रोजाना इन लंबित मुकदमों की मॉनिटरिंग (पर्यवेक्षण) करेंगे।
भू-माफियाओं की संपत्तियां होंगी कुर्क, लगेगा गैंगेस्टर
शहर में अवैध जमीनी धंधे और कब्जा करने वालों के खिलाफ पुलिस अब और आक्रामक रुख अपनाएगी। जिले स्तर पर जितने भी भू-माफिया चिन्हित हैं, उनके खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
जब्तीकरण की कार्रवाई
ऐसे अपराधियों पर न केवल गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी, बल्कि अवैध तरीके से कमाई गई उनकी संपत्तियों को भी जब्त (कुर्क) किया जाएगा।
पुराने मुकदमों पर एक्शन
गैंगेस्टर एक्ट से जुड़े जो भी पुराने मुकदमे लंबित हैं, उनके शीघ्र निस्तारण के लिए थाना प्रभारियों और विवेचकों को तत्काल काम पर लगा दिया गया है।
हिस्ट्रीशीटरों की खैर नहीं, बाजारों में बढ़ेगी पैदल गश्त
सड़कों पर आम जनता और महिलाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए पुलिस कमिश्नर ने जमीनी स्तर पर विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश दिए
अपडेट होगी सूची
सभी थानों के हिस्ट्रीशीटरों (एचएस) की लिस्ट को तुरंत अपडेट कर उनकी नियमित निगरानी और वेरिफिकेशन किया जाएगा।
जघन्य अपराधों पर प्रहार
महिला संबंधी अपराध, लूट, हत्या, और चेन स्नैचिंग जैसी वारदातों पर विस्तृत चर्चा हुई। वांछित लुटेरों, चोरों और नकबजनों को तुरंत गिरफ्तार करने का टास्क दिया गया है।
पैदल गश्त और चेकिंग
सभी एसीपी और थाना प्रभारियों को अपने-अपने इलाकों के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रोजाना पैदल गश्त करने और संदिग्धों की सघन चेकिंग करने को कहा गया है।
– जनसुनवाई को प्राथमिकता आईजीआरएस और जनसुनवाई के माध्यम से आने वाली आम जनता की शिकायतों का समय रहते और संतोषजनक समाधान करने की हिदायत दी गई है।

अन्य समाचार

प्रलय!