मुख्यपृष्ठसमाचार‘द रिदम ऑफ शिवा’ में शिवाश्री ऋतु सिंह ने बताए भगवान शिव...

‘द रिदम ऑफ शिवा’ में शिवाश्री ऋतु सिंह ने बताए भगवान शिव से जुड़े रहस्य

सोम प्रकाश / मुंबई

आध्यात्म, ज्योतिष और सनातन संस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना मुंबई, जहां ‘द रिदम ऑफ शिवा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम वाले दिन मुंबई में हुई भयंकर बारिश भी शिवभक्तों की आस्था को डिगा नहीं सकी। खराब मौसम के बावजूद ‘द रिदम ऑफ शिवा’ कार्यक्रम स्थल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा।आयोजन में देशभर से आए श्रद्धालुओं के साथ उद्योग जगत, सामाजिक क्षेत्र और फिल्म जगत की अनेक हस्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य शिवाश्री ऋतु सिंह रहीं। इस आयोजन के आयोजक गौरव शर्मा तथा संयोजक अभिनेत्री संगीता कपूरे थीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव के वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। अपने संबोधन में शिवाश्री ऋतु सिंह ने भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों, उनकी आराधना के महत्व तथा जीवन की समस्याओं के आध्यात्मिक और ज्योतिषीय समाधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान शिव केवल संहार के देवता नहीं, बल्कि करुणा, कल्याण, संतुलन और आत्मज्ञान के प्रतीक हैं। श्रद्धा और सही विधि से की गई शिव उपासना व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। उन्होंने विशेष रूप से ‘शिव और शंकर में अंतर’, भोलेनाथ की उपासना की सही विधि तथा सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक धार्मिक जानकारियों पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक जानकारी को स्वीकार करने से पहले उसके शास्त्रीय प्रमाण और मूल स्रोत को समझना आवश्यक है। कार्यक्रम का प्रश्नोत्तर सत्र विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उपस्थित लोगों ने प्रश्नपत्रिका के माध्यम से अपने जीवन से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर शिवाश्री ऋतु सिंह ने जन्मपत्रिका एवं ज्योतिषीय विश्लेषण के आधार पर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य, करियर, विवाह, पारिवारिक जीवन, आर्थिक प्रगति और मानसिक तनाव जैसे विषयों पर सरल आध्यात्मिक एवं ज्योतिषीय उपाय भी बताए। उन्होंने आगामी सावन मास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भगवान शिव की आराधना का अत्यंत शुभ समय है। श्रद्धा और विश्वास से किए गए छोटे-छोटे उपाय भी जीवन की बड़ी बाधाओं को दूर करने में सहायक हो सकते हैं, क्योंकि भगवान भोलेनाथ सच्ची भक्ति से शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं। इस अवसर पर आध्यात्मिक जगत के आदियोगी गौतम स्वामी जी, सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के राजाराम देशमुख, मुंबई के अनेक प्रतिष्ठित उद्योगपति, विभिन्न क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स, सामाजिक हस्तियां तथा बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियां भी उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने इस आयोजन को सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक जागरूकता और भारतीय परंपराओं के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। ‘द रिदम ऑफ शिवा’ केवल एक आध्यात्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भगवान शिव की महिमा, भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और ज्योतिषीय ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने का एक सफल प्रयास साबित हुआ।

अन्य समाचार

प्रलय!