मुख्यपृष्ठनए समाचारप्रयागराज में गरमाया राम मंदिर चढ़ावा विवाद :  कांग्रेस बोली- 'हाई कोर्ट...

प्रयागराज में गरमाया राम मंदिर चढ़ावा विवाद :  कांग्रेस बोली- ‘हाई कोर्ट के सिटिंग जज से हो जांच, योगी सरकार कर रही लीपापोती’

राजेश सरकार / प्रयागराज

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोपों को लेकर सियासत पूरी तरह गरमा गई है। इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को शहर तथा जिला कांग्रेस कमेटी (यमुनापार) ने संयुक्त रूप से एक विशाल ‘सदबुद्धि पदयात्रा’ निकाली। सुभाष चौराहा से शुरू हुई यह पदयात्रा सिविल लाइंस होते हुए हनुमान मंदिर पर जाकर एक विरोध सभा में तब्दील हो गई।
आरएसएस और योगी सरकार पर साधा निशाना
शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीखे प्रहार किए। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राम मंदिर में हुए चढ़ावा घोटाले से भाजपा-आरएसएस अंदर से बुरी तरह विचलित हैं। आरोप लगाया गया कि आरएसएस इस पूरे प्रकरण में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय सहित सभी बड़े चेहरों को बचाने के लिए खुलकर सामने आ गया है। कांग्रेस नेताओं ने दो टूक कहा कि मामले की शुरुआत से ही लीपापोती में जुटी योगी सरकार के रहते इस घोटाले की तह तक पहुंचना नामुमकिन है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
विरोध सभा के दौरान कांग्रेस ने इस संवेदनशील मामले को लेकर अपनी तीन प्रमुख मांगें सामने रखीं। पहली हाई कोर्ट के जज से जांच। कहा कि हिंदुओं की आस्था से जुड़े इस पूरे घटनाक्रम की जांच हाई कोर्ट के सिटिंग जज (वर्तमान न्यायाधीश) की देखरेख में कराई जाए। ट्रस्ट का पुनर्गठन किया जाए। वर्तमान राम मंदिर ट्रस्ट को तुरंत भंग किया जाए। इसकी कमान और पूरी जिम्मेदारी देश की चारों पीठों के पूज्य शंकराचार्यों और मंदिर के महंतों को सौंपी जाए। कांग्रेस नेताओं ने रोष जताते हुए कहा कि आस्था के नाम पर चढ़ावे की चोरी करने वालों ने पूरे हिंदू समाज और देश को बदनाम करने का काम किया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पदयात्रा में ये रहे शामिल
इस विरोध प्रदर्शन और पदयात्रा में जिलाध्यक्ष अशोक पटेल, किशोर वार्ष्णेय, हरिकेश त्रिपाठी, तस्लीमुद्दीन, मंजू संत, परवेज सिद्दीकी, सुष्मिता यादव, अनूप त्रिपाठी, अफरोज अहमद, नयन कुशवाहा, इश्तियाक अहमद, मानस शुक्ला, प्रवक्ता शाहनवाज कुरैशी, जितेंद्र राय, प्रदीप द्विवेदी, प्रतिमा त्रिपाठी, अरशद अली, विनय पांडेय, अहमदुल्ला, राजू पटेल, सरताज मोहम्मद, राकेश श्रीवास्तव, अंजुम नाज, सौरभ श्रीवास्तव, तबरेज अहमद, डॉ. राधेश्याम यादव, कमाल अली, डॉ. अनिल गौड़, सुबूर खान, राजकुमार शुक्ला, मो. नसीम, अवनीश कोल, कैफ वारसी, नागेंद्र मिश्रा, फिरोज अहमद, कामेश्वर सोनकर, शकील अहमद, संदीप शर्मा, मो. जावेद, देवेंद्र कुमार, नसरीन बानो, मदन मोहन शर्मा, फहीम खान, हरिश्चंद्र दुबे, तबरेज सिद्दीकी, आशीष चौधरी, वैभवी जोशी, गुलशन, भरत लाल, बृजेश गौतम, विनोद जैकब, विनायक, कलश, आबिद खान और राजा बाबू सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य समाचार

प्रलय!