मुख्यपृष्ठस्तंभपूर्वांचल पॉलिटिक्स : पीडीए पंचांग सपा का सियासी पंच

पूर्वांचल पॉलिटिक्स : पीडीए पंचांग सपा का सियासी पंच

हिमांशु राज

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नया साल शुरू होते ही एक अनोखा दांव चल दिया है। पीडीए पंचांग के नाम से जारी यह विशेष वैâलेंडर २०२७ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की राजनीतिक जमीन तैयार करने का सुनियोजित प्रयास है। पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समुदायों को भावनात्मक रूप से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार यह पंचांग पारंपरिक हिंदू त्योहारों के साथ-साथ पीडीए समाज के महापुरुषों की जयंतियों और पुण्यतिथियों को प्रमुखता से स्थान देता है। सावित्री बाई फुले, डॉबाबासाहेब भीमराव आंबेडकर, ईवी पेरियार और भगवान बिरसा मुंडा जैसे चेहरों को सम्मान देते हुए इसमें स्वामी विवेकानंद व छत्रपति शिवाजी जैसे अगड़ी जातियों के प्रतीकों को भी शामिल किया गया है, जो सपा की व्यापक सामाजिक संतुलन की रणनीति को दर्शाता है। राजनीतिक परिपेक्ष्य में देखें तो यह कदम २०२४ लोकसभा चुनावों में पीडीए फॉर्मूले की सफलता पर आधारित है। सपा ने उस समय इसी नारे के दम पर यूपी में ३७ सीटें हासिल की थीं, जो भाजपा के लिए झटका साबित हुआ। अब २०२७ के विधानसभा चुनावों से ठीक एक वर्ष पहले लखनऊ व वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण शहरों में इसका विमोचन कर सपा कार्यकर्ताओं को घर-घर बांटने का निर्देश दिया गया है। `पीडीए पंचांग, हर दिन कल्याण’ का नारा देकर अखिलेश ने इसे सामाजिक आंदोलन का रूप दिया है, लेकिन वास्तव में यह पिछड़ों की चेतना जागृत करने का हथियार है। भाजपा ने इसे सनातन विरोधी करार देकर तीखी आलोचना की है, जो सपा बनाम भाजपा के जातिगत ध्रुवीकरण को तेज कर सकता है। यह पंचांग सपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा मात्र नहीं, बल्कि लंबे समय तक सामाजिक संदेश देने वाला माध्यम है। पारंपरिक पंचांगों की तर्ज पर डिजाइन होने से इसे घरों में स्वीकार्यता मिलने की संभावना है। अखिलेश की यह चतुराई विपक्ष को चुनौती देती है, क्योंकि भाजपा का हिंदुत्व एजेंडा अब जातिगत समीकरणों से जूझ रहा है। यदि पीडीए गठजोड़ मजबूत रहा तो २०२७ में यूपी की सियासत में भूचाल आ सकता है। सपा कार्यकर्ता इसे वायरल कर रहे हैं, जो डिजिटल प्रचार का भी उदाहरण है। अंदाज लगाया जा सकता है कि पीडीए पंचांग सियासत का नया पंच है, जो भावनाओं को वोटों में बदलने का वादा करता है।

अन्य समाचार