मुख्यपृष्ठनए समाचारएसी लोकल मेंटेनेंस में रेलवे विफल... एसी लोकल ट्रेन में भरा पानी,...

एसी लोकल मेंटेनेंस में रेलवे विफल… एसी लोकल ट्रेन में भरा पानी, यात्री हुए परेशान

द्रुप्ति झा / मुंबई

भारत की आर्थिक राजधानी और ‘सपनों का शहर’ मुंबई हर साल मानसून के दौरान भारी बारिश के कारण डूब जाती है। भारी बारिश ने इस साल भी शहर को पानी-पानी कर दिया है। लगातार पिछले हफ्ते से हो रही बारिश से लोगों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो चुका है। मुंबई और ठाणे में देर रात से लगातार रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के कारण लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ा है। लोकल ट्रेनें १५-२० मिनट की देरी से चल रही हैं। रविवार की तेज बारिश के दौरान पश्चिम रेलवे की एसी लोकल ट्रेन बारिश से प्रभावित हो गई। एसी लोकल ट्रेन में अचानक बारिश का पानी टपकने लगा और एसी लोकल ट्रेन में पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और यात्रियों में आक्रोश नजर आया।
एक तरफ तो रेलवे प्रशासन एसी लोकल ट्रेन की संख्या बढ़ाने की बात करता है तो दूसरी तरफ जो रेलवे के पास पहले से आठ एसी लोकल ट्रेनें चल रही हैं, उसी ट्रेन का सही तरीके से मेंटेनेंस करने में नाकाम नजर आ रहा है। यही वजह है कि बारिश में एसी लोकल की छत से पानी टपकने की शिकायतें आती हैं। अधिकारी के अनुसार, एसी लोकल ट्रेन में पानी गिरने की वजह छत पर लीकेज प्रूफ का सही तरीके से कार्य न होना हो सकता है।
यात्री ज्यादा और एसी लोकल की संख्या कम
जानकारी के अनुसार, अभी फिलहाल में पश्चिम रेलवे की आठ एसी लोकल ट्रेनें चलती हैंै, जो कि एक दिन में १०९ ट्रिप करती हैं। एक दिन में मुंबई में प्रतिदिन एसी लोकल ट्रेनों में औसतन २ लाख से अधिक यात्री सफर करते हैं और वर्तमान में मौजूदा एसी लोकल ट्रेन की संख्य यात्रियों की संख्या के हिसाब से कम है। यही वजह है कि ट्रेनों में यात्रियों की ओवर लोड की शिकायतें आती हैं।

अन्य समाचार