मुख्यपृष्ठस्तंभबस स्टॉप पर से रिक्शा स्टैंड हटा

बस स्टॉप पर से रिक्शा स्टैंड हटा

यात्रियों ने ली राहत की सांस

सुरेश गोलानी / मुंबई

दोपहर का सामना ने सोमवार (२७ जुलाई) के अंक में (मीरा रोड बस स्टॉप बना ऑटो स्टैंड! जोखिम में यात्रियों की जान) में मीरा रोड के शीतल नगर इलाके में स्तिथ बस स्टॉप वाली सड़क पर ऑटोरिक्शा चालकों द्वारा अवैध कब्जे के कारण बस यात्रियों पर मंडरा रहे संभावित खतरों के बारे में प्रशासन को सचेत करते हुए खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस से जुड़े यातायात विभाग के पुलिस निरीक्षक प्रफुल्ल वाघ के आदेश पर उपनिरीक्षक मुंढे ने अपनी टीम के साथ मंगलवार को बस स्टॉप के ठीक सामने वाले मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से ऑटोरिक्शा खड़ा करने वाले चालकों के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर उनको वहां से हटाया। यातायात विभाग ने ई-डिवाइस के जरिए चालान भी काटे। ज्ञात हो कि फेरीवालों, आवारा पशुओं और नशेड़ियों के बाद मीरा-भायंदर शहर में लाखों रुपए खर्च करके बनाए गए कई बस स्टॉप्स पर अब ऑटोरिक्शा चालकों का अवैध कब्जा एक गंभीर समस्या बन चुका है।
लेकिन मनपा प्रशासन और यातायात पुलिस कार्यवाही करने के बजाय अब तक मूकदर्शक बनकर तमाशा देख रही थी। सवारियों के लिए स्टॉप के ठीक सामने ऑटो रिक्शा चालक अवैध रूप से कतार लगाते थे जिसके कारण यात्रियों को अपनी जान जोखिम में डालकर बीच सड़क से बस पकड़ने को मजबूर होना प़ड़ता था। इसके अलावा चालकों को मजबूरन बीच सड़क बस रोकने की वजह से लोगों कों भारी ट्रैफिक जाम का भी सामना करना पड़ रहा था। मीरा रोड की दैनिक बस यात्री सुलभा मिस्त्री आई पी सज्जी ने दोपहर का सामना का इस समस्या की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करने और यातायात पुलिस को कार्रवाई करने के लिए आभार व्यक्त किया।

अन्य समाचार