-वीडियो के जरिए समझाने का किया प्रयास
सामना संवाददाता / मुंबई
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने बिवलकर भूखंड घोटाले के मामले में राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट पर एक बार फिर हमला किया है। उन्होंने इस मामले पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए इस घोटाले को आसान शब्दों में समझाने का प्रयास किया है। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा है कि नई मुंबई स्थित सिडको की लगभग पांच हजार करोड़ रुपए मूल्य की जमीन का मामला क्या है, इसे बेहद आसान भाषा में इस वीडियो में जरूर देखें।
रोहित पवार के मुताबिक मराठा साम्राज्य के खिलाफ मदद करने के चलते ब्रिटिशों ने बिवलकर परिवार को नई मुंबई इलाके में लगभग चार हजार एकड़ से अधिक जमीन दी थी, लेकिन बाद में बने अलग-अलग कानूनों, नियमों और पैâसलों के अनुसार यह जमीन सरकार के नाम हो गई, लेकिन संजय शिरसाट को सिडको के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किए जाने के तुरंत बाद इसमें से १५ एकड़ जमीन बिवलकर परिवार को वापस करने का निर्णय लिया गया। इस जमीन का बाजार मूल्य लगभग ५ हजार करोड़ रुपए है। आरोप है कि इस जमीन पर सिडको गरीबों के लिए १० हजार घर बना सकता था, लेकिन गरीबों के हक की जमीन शिरसाट ने बिवलकर परिवार के हाथों में सौंप दी।
मंत्री ने आरोप किए खारिज
इस बीच मंत्री संजय शिरसाट ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रस्तुत मामले में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है। उनके मुताबिक, सिडको राज्य सरकार की एक नियोजन संस्था है, जिसके निर्णय किसी एक व्यक्ति द्वारा नहीं बल्कि, निदेशक मंडल द्वारा सामूहिक रूप से लिए जाते हैं।
