सोम मिश्रा “शिवम”
मशहूर आर जे अनमोल और पुनीत गोयल द्वारा सह-स्थापित ग्रावेट स्पोर्ट्स ने आज मुंबई के बांद्रा स्थित पांच सितारा होटल ताज लैंड में भारत की पहली सीएक्सओ पिकलबॉल लीग का आयोजन किया। जहां खेल जगत की आइकन साइना नेहवाल पद्मश्री और बिजनेस की दुनिया के दिग्गज डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने इस कार्यक्रम में शिरकत की और एक टीम बनाकर फ्रेंडली मैच भी खेला। एक हलके-फुलके पल में, डॉ. हीरानंदानी ने साइना से एक ऑटोग्राफ़ किया हुआ रैकेट भी लिया।
आपको बता दें आजकल पिकलबॉल विश्वभर में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और भारत भी इस रफ्तार को पकड़ता जा रहा है। खेल की बढ़ती लोकप्रियता पर बात करते हुए साइना ने कहा, “मैं सुन रही हूं कि आने वाले वर्षों में पिकलबॉल को ओलंपिक में शामिल किया जा सकता है और अगर ऐसा होता है तो मुझे बिल्कुल भी हैरानी नहीं होगी। मैं देख रही हूं कि बहुत से लोग इसे मनोरंजन के रूप में खेल रहे हैं।” एक सावधानी के तौर पर उन्होंने जोड़ा, “मैं बस यही कहूंगी कि इस खेल को सावधानी और सही मार्गदर्शन के साथ खेलना चाहिए, क्योंकि मैंने देखा है कि जो लोग नियमित रूप से खेलते हैं, उन्हें काफी चोटें लग रही हैं।” १६ टीमों और ३१ मुकाबलों के साथ, यह दिन कई सीएक्सओ के लिए खेल और आनंद का बेहतरीन अवसर बन गया।
