द्रुप्ति झा / मुंबई
शायद ही कोई वो मनहूस दिन भूल पाएगा जब बदलापुर में दो बच्चियों के साथ हैवानियत की खबरें सामने आई थीं। मामला इतना गंभीर था कि महाराष्ट्र के बदलापुर में दो बच्चियों के साथ यौन उत्पीड़न की इस घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश दिखा था। लोगों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया था, लेकिन इतनी बड़ी घटना के बाद भी प्रशासन ने इसको हलके में लिया है और अब तक महायुति सरकार की आंखे नहीं खुली है। फिर से एक बार ऐसी ही घटना ठाणे जिले के कल्याण के एक स्कूल से सामने आई है, जहां पर महज सात साल की मासूम बच्ची को अपना शिकार बनाया गया। उस बच्ची को अपना शिकार बनानेवाला कोई और नहीं, बल्कि उसी स्कूल का प्रिंसिपल ही निकला। जानकारी के अनुसार, पहली कक्षा में पढ़नेवाली बच्ची को प्रिंसिपल ने पहले बहलाफुसला कर गलत तरीके से छुआ और उसका यौन शोषण किया। इस घटना के बाद बच्ची के दिमाग पर बहुत बुरा असर पड़ा और बच्ची डरी सहमी रही, जिसे देख कर उसकी मां को संदेह हुआ, पूछने पर बच्ची रो पड़ी, जिसके बाद इस घटना का खुलासा हुआ और मामला पुलिस तक जा पहुंचा। पुलिस ने बताया कि इस घटना में स्कूल परिसर में पहली कक्षा की छात्रा के गुप्तांगों को आरोपी ने कथित तौर पर गलत तरीके से छुआ।
मानपाड़ा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। सात वर्षीय स्कूली छात्रा के यौन उत्पीड़न से जुड़े मामले में स्कूल के प्रिंसिपल को कल्याण सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां उसे १ अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है। इस घटना के बाद स्कूल में तनाव का माहौल बना हुआ है, बच्चे के अभिभावक अपनी बच्चियों को लेकर डरे हुए हैं।
