हिमांशु राज
डिज़्नी की सुपरहिट एनिमेटेड फ्रेंचाइज़ी ‘ज़ूटोपिया’ अब अपने दूसरे अध्याय के साथ लौट रही है, और इस बार इसकी हिंदी आवाज में जुड़ गया है बॉलीवुड का नया जादू। श्रद्धा कपूर अब इस फिल्म के हिंदी वर्जन में जूडी हॉप्स को अपनी आवाज देंगी। श्रद्धा की चुलबुली और मीठी आवाज ठीक वैसे ही जादू बिखेरने वाली है, जैसे जूडी की दुनिया की एनर्जी खुद में बसी है। डिज़्नी इंडिया ने अपने सोशल मीडिया हैंडलों पर एक प्यारा पोस्टर शेयर कर श्रद्धा के इस जुड़ाव की आधिकारिक घोषणा की। पोस्टर में श्रद्धा कपूर के साथ एनिमेटेड जूडी नजर आती हैं। श्रद्धा ने कैप्शन में लिखा कि वह ‘ज़ूटोपिया 2’ परिवार का हिस्सा बनने के लिए बेहद उत्साहित हैं और उन्हें बचपन से ही जूडी का जोशीला और साहसी अंदाज पसंद रहा है। श्रद्धा के शामिल होने से फिल्म के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है। उनकी ज़िंदादिल आवाज जूडी हॉप्स के किरदार में नई ऊर्जा भर देगी — जोश, हिम्मत और मिठास का ऐसा मेल, जिससे जूडी पहले से भी ज्यादा दिलों में बस जाएगी।‘जूटोपिया 2’ का हिंदी ट्रेलर जल्द रिलीज किया जाएगा और फिल्म 28 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फैंस के लिए यह किसी सरप्राइज से कम नहीं कि श्रद्धा जैसी प्यारी स्टार अब डिज़्नी की इस रंगीन दुनिया में अपनी आवाज़ का जादू चलाने आ रही हैं।
