मुख्यपृष्ठस्तंभझांकी: बीमार अस्पताल

झांकी: बीमार अस्पताल

अजय भट्टाचार्य

मध्य प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महाराजा यशवंतराव अस्पताल इंदौर का कलेजा इस तपती गर्मी में भी नहीं पसीजा। एक ११ साल का बच्चा, जो रीढ़ की हड्डी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था, उसे सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया। एंबुलेंस मिलना तो दूर, मजबूर मां-बाप को खुद स्ट्रेचर धक्का मारकर ले जाना पड़ा। रास्ते भर मां अपने दुपट्टे को पानी में भिगोकर बच्चे के बदन पर रखती रही, ताकि वो होश न खो दे। सोशल मीडिया पर यह वीडियो जैसे ही जंगल की आग की तरह फैला, भोपाल से लेकर इंदौर तक के अफसरों के फोन घनघनाने लगे। इसके बाद कार्रवाई शुरू हुई, जिसमें एक डॉक्टर का सात दिन का वेतन कटा, तीन नर्सों का वेतन रोका गया और सुरक्षा प्रभारी को निलंबित कर दिया गया।
बैठकी
बिहार में आजकल यादव बैठकी, भूमिहार बैठकी और राजपूत बैठकी हो रही है। अब केवल कुर्मी बैठकी बाकी है। कमाल की बात यह है की ये तीनों जातियां बिहार की राजनीतिक वर्चस्व वाली ताकतें है। राजनीति, व्यापार, ठेकेदारी, नौकरी, जमीन इत्यादि में तीनों जातियों का दखल बाकी जातियों से अधिक है। इसके बावजूद इन जातियों के युवाओं को बैठकी के नाम पर इकट्ठा करके अलग-अलग एक गिरोह बनाने की होड़ चल रही है। इस तरह के गिरोहों का अंत जातीय लड़ाई से अधिक कुछ भी नहीं है। एक समय आएगा, जब इन गिरोहों के लड़के एक-दूसरे के विरुद्ध खड़े होंगे और जातीय हिंसा होनी ही होनी है। यह जातीय गिरोह अपनी-अपनी जातियों के पक्ष में लामबंद होंगे और समाज में द्वेष फैलना ही फैलना है।
दगा
छल-कपट में कितने जीरो होते हैं? गौरव वल्लभ गिन नहीं पा रहे हैं। राज्यसभा चुनाव नामांकन के एक दिन पहले तक बड़े खुश थे। रातों की नींद उड़ी थी। खुली आंखों से राज्यसभा में बैठने के सपने देख रहे थे। आखिरी वक्त पर भाजपा ने उनके साथ वही किया, जो उन्होंने कांग्रेस के साथ किया था। मतलब दगाबाजी। राजग ने निर्दलीय पर्चा खरीदने वाले परिमल नाथवाणी को समर्थन दे दिया। राजग के ही विधायक उनके प्रस्तावक बने। नाथवाणी गुजराती हैं। बड़े उद्योगपति हैं। पैसों की कोई कमी नहीं है। ४ विधायकों की जरूरत है, इसके लिए पूरी तैयारी कर चुके हैं। क्या गौरव वल्लभ के लिए पार्टी वोट नहीं जुटा सकती थी? बिल्कुल जुटा सकती थी। लेकिन जुटाना किसके लिए है, वो मायने रखता है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं तथा व्यंग्यात्मक लेखन में महारत रखते हैं।)

अन्य समाचार