हिमांशु राज
कभी किसी फिल्म ने फीस के आंकड़ों को लेकर फिल्मी गलियारों में ऐसी हलचल नहीं मचाई जैसी इस बार ‘थामा’ ने मचा दी है। बार-बार ट्रैक बदलने वाले आयुष्मान खुराना इस बार पैसों की रेस में सबसे आगे निकल गए हैं। बॉलीवुड की इस ताजा रिलीज की चटकदार चर्चा सिर्फ़ कहानी या सितारों की एक्टिंग के लिए नहीं, बल्कि कलाकारों की जेब में आई मोटी रकम को लेकर हो रही है। रश्मिका मंदाना, जो अपनी मासूम मुस्कान और पैन इंडिया छवि से दर्शकों की फेवरेट बनी हैं, उन्हें आयुष्मान से कम, लेकिन फिर भी करोड़ों की गड्डियां मिली हैं। वहीं, नवाजुद्दीन सिद्दीकी—जो हर फिल्म में आश्चर्य का दूसरा नाम बन चुके हैं—फीस में भी सरप्राइज लेकर आए और ट्रैक से परे अपनी ‘कला’ को कीमत दिलवा दी।
पर्दे के पीछे की दुनिया में जब ‘थामा’ की फीस लिस्ट आई तो इंडस्ट्री के लोग चौंक गए—आयुष्मान को 8 से 10 करोड़ रुपये, रश्मिका को 5 से 7 करोड़, नवाजुद्दीन को 3 से 4 करोड़ और परेश रावल को तकरीबन 2 करोड़। यहां मलाइका अरोड़ा के डांस नंबर और नोरा फतेही के शोज भी चर्चा में हैं, कुछ करोड़ रुपए इधर भी खर्च हुए हैं। रकम देखकर एक बार को लगेगा कि यह कहानी पर्स की है, पर असल में यह स्टारडम की बाजीगरी और मार्केटिंग के माथे की बिंदी भी है।
आज फिल्मों की असली कमाई सिर्फ टिकट काउंटर या ओटीटी के नंबरों से नहीं, बल्कि इस खबर से भी होती है कि किसे कितनी रकम मिली। कभी संघर्ष के दिनों में ट्रेन में गाना गाकर पैसे जुटाने वाले कलाकार अब फिल्म में लीड रोल के लिए करोड़ों का चैक संभाल रहे हैं। ‘थामा’ की फीस गाथा यहां आकर बताती है: सिनेमा अब सिर्फ परदे पर नहीं, डील टेबल पर भी उतना ही रोमांचक हो चला है.
