राजेश सरकार
प्रयागराज। नाबालिग विकलांग लड़की से रेप की कोशिश में पकड़े जाने पर आरोपी युवक की सड़क पर घसीटते हुए लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। फिर उसे औद्योगिक क्षेत्र थाने ले गए। आरोपी का नाम मनीष जायसवाल बताया जा रहा है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है। उसके पिता रेलवे के रिटायर्ड कर्मचारी बताए जा रहे हैं। लड़की के घर से थोड़ी दूर पर ही आरोपी का घर है। लड़की के घर वाले सब्जी की दुकान लगाते हैं। मंगलवार रात में आरोपी ने लड़की को इशारे से बुलाया और पास के एक गेस्ट हाउस में घसीट कर ले गया। जहां उसके साथ रेप की कोशिश करने लगा। इसबीच लड़की को घर पर ना पाकर परिजन उसे ढ़ूंढते हुए गेस्ट हाउस में पहुंच गए। युवक ने घर वालों को देखा तो भाग निकला। लड़की मूक-बधिर है और कमर के नीचे से भी विकलांग है। घर वालों को लड़की रोती हुई मिली। परिजन के मुताबिक उसकी उम्र करीब 14 साल है। रात में कोहरा और ठंड होने से परिजन उसे थाने नहीं ले गए। आरोपी को रात भर लोग ढूंढते रहे पर वह नहीं दिखाई पड़ा। दूसरे दिन बुधवार को किसी ने बताया कि आरोपी अपने घर में छिपा है। जानकारी मिली तो मोहल्ले वाले उसे घर से घसीटते हुए बाहर निकाल कर मारते-पीटते थाने ले गए। सड़क पर घसीटे जाने से उसके हाथ-पैर छिल गये थे। घटना के सम्बन्ध में औद्योगिक क्षेत्र थाने के प्रभारी विपिन पाल सिंह का कहना है कि लड़की नाबालिग और मूक-बधिर है। इसलिए उसका बयान लेने के लिए मूक-बधिर विशेषज्ञ को थाने बुलाया गया है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। लड़की के बयान के बाद परिवार की तरफ से दी गई तहरीर पर कार्यवाही की जाएगी।
