मुख्यपृष्ठसमाचारभाजपाई फेरीवाले नेता की गुंडागर्दी!

भाजपाई फेरीवाले नेता की गुंडागर्दी!

सामना संवाददाता / मुंबई

वाहन चालक और उसकी पत्नी से मारपीट

गोरेगांव-पश्चिम स्थित एस.वी. रोड पर स्काईवॉक के नीचे सड़क पर अवैध रूप से कब्जा कर सब्जी का व्यवसाय करने वाले एक भाजपा पदाधिकारी पर वाहन चालक और उसके परिवार के साथ दुर्व्यवहार, धक्का-मुक्की तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। क्योंकि अवैध फेरीवालों पर न तो मनपा कार्रवाई कर रही है और न ही पुलिस इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गोरेगांव- पश्चिम में मनपा कार्यालय के पीछे स्काईवॉक के नीचे सुबह के समय बड़ी संख्या में फेरीवाले अवैध रूप से सड़क पर कब्जा जमा लेते हैं और बड़ी संख्या में दुकानें लगाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। निखिल हड़पुड़े अपनी पत्नी और १० महीने के बच्चे के साथ कार से गुजर रहे थे। सड़क पर अतिक्रमण के कारण रास्ता बाधित होने पर उन्होंने फेरीवालों से आपत्ति जताई। आरोप है कि इसी कारण वाहन चालक निखिल हड़पुड़े की सब्जी विक्रेता संतोष जायसवाल और अनिल कांदो से कहासुनी हो गई। बात मारपीट तक आ गई।
उन्होंने पुलिस को बताया कि बहस के दौरान दोनों ने वाहन चालक के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जब वाहन में बैठी महिला ने विवाद शांत करने का प्रयास किया तो उसके साथ भी कथित तौर पर बदसलूकी की गई। शिकायत के अनुसार, महिला को धमकाया गया तथा वाहन चालक के साथ धक्का-मुक्की की गई। इतना ही नहीं, धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपी संतोष जायसवाल भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के उत्तर-पश्चिम जिले के जिला उपाध्यक्ष पद पर है। जिसका धौंस दिखाकर वह अवैध फेरीवालों को मदद करता है और सड़क पर अतिक्रमण किया है।
फेरीवालों के कब्जे से जाम, विरोध करने पर दी धमकी
गोरेगांव-पश्चिम में स्काईवॉक के नीचे कथित अवैध अतिक्रमण का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। वाहन चालक, उसकी पत्नी और १० माह के बच्चे के सामने अभद्रता, धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों ने पुलिस और मनपा की निष्क्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य समाचार