ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने ऐसा अवांछित रिकॉर्ड बना दिया, जिसे वह लंबे समय तक याद नहीं रखना चाहेगी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कंगारू टीम ने बिना खाता खोले शुरुआती तीन विकेट गंवा दिए और २३ साल पुराने शर्मनाक रिकॉर्ड की बराबरी कर डाली। ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। पहले ओवर में तस्कीन अहमद ने मैथ्यू शॉर्ट को बोल्ड कर पवेलियन भेजा। इसके बाद मुस्तफिजुर रहमान ने दूसरे ओवर में कूपर कोनोली और मैट रेनशॉ को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को गहरे संकट में धकेल दिया। इस तरह टीम का स्कोर तीन विकेट पर शून्य रन हो गया। इससे पहले २००३ विश्व कप में बांग्लादेश की टीम श्रीलंका के तेज गेंदबाज चमिंडा वास के कहर के सामने बिना रन बनाए तीन विकेट गंवा चुकी थी। दिलचस्प बात यह है कि अब वही रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज हो गया है। पहले वनडे में डीएलएस नियम के तहत ८६ रन से जीत हासिल करने वाली बांग्लादेशी टीम ने दूसरे मुकाबले में भी मेहमानों पर दबाव बनाकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी।
