अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश के मगध क्षेत्र के गयाजी, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, नवादा सहित झारखंड के चतरा जिला के आमजनों को सरकार सुविधा प्रदान करने वाला एक मात्र अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में विगत चार दिनों से जारी छात्रों के हड़ताल के कारण ओपीडी सहित कई सेवाओं के ठप रहने से यहां इलाज कराने आने वाले लोगों को भयानक कष्ट का सामना करना पड़ रहा है। बिहार प्रदेश कॉंग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि प्रो. विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कॉंग्रेस उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, विपिन बिहारी सिन्हा, विशाल कुमार, टिंकू गिरी, मुन्ना मांझी आदि ने कहा कि अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल के छात्र विगत कई दिनों से यहां के जर्जर छात्रावासों, सड़क सहित कई आवश्यक सुविधाएं को ठीक कराने की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं, जिससे यहां इलाज कराने आने वाले लोगों को भारी कष्ट का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच इन सभी नेताओं ने कहा कि मेडिकल के छात्र हाउ सर्जन जो अस्पताल में आने वाले मरीजों को तुरन्त इलाज करते हैं, वो स्थानीय प्रशासन यानी जिलाधिकारी तथा राज्य सरकार से अपनी मांगों का स्थाई समाधान की गारंटी चाहते हैं। नेताओं ने कहा कि यह भी तो सत्य है कि अस्पताल परिसर की सड़कें एवं छात्रों के छात्रावासों की स्थिति वर्षों से खराब हैं, जिसे ठीक करना नितांत आवश्यक है, अतएव राज्य सरकार इन मांगों को अविलंब पूरा करे तथा छात्र भी मरीजों के हित में तुरंत हड़ताल वापस ले कर काम पर लौट जाये।
