मुख्यपृष्ठनए समाचारसत्र तभी चलता है, जब प्लेटें बजती हैं... जनता के ‘पेट’ की...

सत्र तभी चलता है, जब प्लेटें बजती हैं… जनता के ‘पेट’ की बात बाद में माननीयों की ‘पेट पूजा’ पहले!

राजन पारकर / नागपुर

शीत सत्र की ठिठुरन में जहां आम जनता चाय–पोहा के दाम बढ़ने पर तमतमाई फिर रही है, वहीं विधायक निवास की वैंâटीन में गर्मजोशी कुछ ज्यादा ही देखने को मिल रही है। जी हां, कल रविवार ७ दिसंबर से खुली इस ‘शाही रसोई’ में मेहमाननवाजी ऐसी कि मानो दिल्ली दरबार उतर आया हो। यहां हर दिन ६,५०० अंडे, १४० किलो मटन, ११० किलो मछली और २३० मुर्गे अपनी शहादत देकर लोकतंत्र को पोषण देने की तैयारी में हैं। बाकी जनता के पेट की बात बाद में, पहले माननीयों की पेट पूजा जरूरी है। क्योंकि सत्र तभी चलता है जब प्लेटें पहले भरकर बजती हैं।
कहने को यह विधायक, पीए और समर्थकों के लिए वाजिब दाम की सुविधा है, पर यहां की हलचल किसी पांच सितारा होटल को पीछे छोड़ दे। शीत सत्र के दौरान आज से हर दिन ३,५०० से ज्यादा लोग अपना ‘कानूनी हक’ समझकर यहां भोजन करनेवाले हैं। विधायक, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पुलिसकर्मी और कुछ ऐसे चेहरे जो हर साल यहां आते हैं। मेन्यू ऐसा कि घर की रसोई खुद को अपमानित महसूस करे। शाकाहारी में बैंगन का भर्ता, पालक पनीर, लहसुन मेथी, झुनका, मिक्स वेज, दाल तड़का, रोटी, भाकरी, चावल और सलाद। नाश्ते में सुबह ६ से ११ बजे और शाम ४ से ७ बजे तक इडली, डोसा, उत्तपम, उपमा, चना रसा, आलू पोहा और आमलेट-ब्रेड-बटर। जनता घर-परिवार चलाए और यहां उत्तपम व पालक पनीर के बीच संसदीय ऊर्जा हासिल की जाए यही शीत सत्र का संतुलन है।
अपॉइंटमेंट का खेल
विधायक निवास परिसर में पुलिस की जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। बिना वजह इधर-उधर घूमे तो पुलिस कार्रवाई तय। लोकतंत्र है भाई, सबकुछ खुले में नहीं मिलता, खाने को छोड़कर। ४०० लोगों की फौज सिर्फ खाने पर नियुक्त है। भोजन बनाना, सर्व करना, सफाई, व्यवस्था इन सबके लिए यह फौज तैनात है। जहां आम आदमी को एक सरकारी काम के लिए महीनों दौड़ना पड़ता है, वहीं यहां एक प्लेट परोसने के लिए पूरा प्रशासन तत्पर। शीत सत्र तो बहाना है, असली गर्मी रसोई में है। माननीयों की इस ‘ठंडी राजनीति’ को गर्म रखने का असली काम वैंâटीन का है। सत्र में बहस हो न हो, पर थाली जरूर बजेगी क्योंकि लोकतंत्र में जब-जब सत्र शुरू होता है, सबसे पहले रसोई की लौ तेज की जाती है।

अन्य समाचार