सगीर अंसारी / मुंबई
मुंबई के १७१ मानखुर्द-शिवाजी नगर विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में मुस्लिम राय भट्ट समाज ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सभी उम्मीदवारों को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। यह जानकारी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी इरशाद अहमद यासीन भट्ट उर्फ मुन्ना ने दी।
इरशाद भट्ट ने बताया कि १७१ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक १४०, १३८, १३७ और १३६ में मुस्लिम राय भट्ट समाज के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। खासतौर पर वार्ड क्रमांक १३६ में समाज की मजबूत उपस्थिति है। उन्होंने विश्वास जताया कि वार्ड १३६ से शिवसेना उम्मीदवार नरेश पाटील को विजयी बनाने के लिए समाज पूरी ताकत और मिशन भावना के साथ काम करेगा।
उन्होंने कहा कि शिवसेना ने हमेशा समाज को मान-सम्मान दिया है, इसी भरोसे के साथ समाज ने पार्टी को समर्थन देने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर उन्होंने संजय चौहान (विधानसभा प्रमुख), अख्तर शेख (उप विभाग प्रमुख), इब्राहिम पटेल, सिद्धार्थ उस्तरे, शाखाप्रमुख हर्षल तथा श्रद्धा मापनकर का विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने मुस्लिम राय भट्ट समाज को शिवसेना परिवार में सम्मानपूर्वक स्थान दिया। समाज की ओर से शिवसेना को एकजुट समर्थन मिलने से १७१ विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक समीकरण और मजबूत होते नजर आ रहे हैं।
