राजेश सरकार / प्रयागराज
महगांव इण्टर कॉलेज की छात्राओं ने मंगलवार को संगम नगरी प्रयागराज का शैक्षिक और सांस्कृतिक रूप का दर्शन किया। नगर की सांस्कृतिक संस्था ‘द गोल्डन अवेक’ के सहयोग से आयोजित इस टूर का मार्गदर्शन संस्था के सांस्कृतिक निदेशक रंगकर्मी ज़ुमर मुश्ताक ने किया। विद्यालय के अध्यापकों डॉ अलिया नसीम, मृदुला यादव, फहमी परवेज, बीबी जैनब, और संजय कुमार मिश्रा के सहयोग से लगभग 70 छात्राओं ने सबसे पहले आनन्द भवन के ऐतिहासिक महत्त्व को समझा। देश के स्वतंत्रता आन्दोलन में आनन्द भवन के योगदान को भी छात्राओं ने यहाँ की गैलरियों में जाना। इसके बाद छात्राएं इलाहाबाद संग्रहालय गईं। यहां की विभिन्न गैलरियों में छात्राओं ने ऐतिहासिक और संस्कृतिक महत्त्व की वस्तुओं का दर्शन किया। संग्रहालय के बाद छात्राएं चद्रशेखर आजाद पार्क में महान क्रन्तिकारी चंद्रशेखर आजाद के स्वतंत्रता आन्दोलन में दिए गए बलिदान को करीब से जाना और समझा। सांस्कृतिक दर्शन का अंतिम पड़ाव उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज की ओर से आयोजित राष्ट्रीय शिल्प मेला रहा। केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा ने छात्राओं के लिए मेला दर्शन की विशेष व्यवस्था की मेले में छात्राओं ने देश के विभिन्न प्रान्तों से आये कलाकारों के शिल्प को देखा और उसके बारे में जानकारियां ली। मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी छात्राओं ने देखा।
