मुख्यपृष्ठस्तंभहोर्मुज में टैंकरों पर खतरा, ओमान के पास फिर बरसा प्रोजेक्टाइल!

होर्मुज में टैंकरों पर खतरा, ओमान के पास फिर बरसा प्रोजेक्टाइल!

 -ओमान के पास क्रूड ऑयल टैंकर पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला, समुद्री सुरक्षा पर बढ़ी चिंता

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच समुद्री मार्गों पर खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ओमान के पास एक क्रूड ऑयल टैंकर को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाए जाने की घटना ने समुद्री क्षेत्र में हलचल बढ़ा दी है। ब्रिटेन के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) के अनुसार, टैंकर ओमान से करीब चार समुद्री मील पूर्व में था, तभी उसके बार्इं ओर प्रोजेक्टाइल आकर लगा। हालांकि, घटना में चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं और फिलहाल किसी पर्यावरणीय नुकसान की सूचना नहीं है। घटना की जांच जारी है।
यूकेएमटीओ ने इलाके में आवाजाही कर रहे अन्य जहाजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। जहाजों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने को कहा गया है। प्रोजेक्टाइल कहां से आया और इसके पीछे कौन था, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसी बीच रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में प्रोजेक्टाइल की चपेट में आए कुवैत-ध्वज वाले क्रूड ऑयल टैंकर एमटी काजिमा तृतीय पर सवार पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालकर तट पर पहुंचा दिया गया है। भारतीय दूतावास, मस्कट ने बताया कि उसने ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर पांचों भारतीय नागरिकों के बचाव अभियान को अंजाम दिया। दूतावास ने सहयोग के लिए ओमानी अधिकारियों का आभार भी जताया। जानकारी के मुताबिक, एमटी काजिमा तृतीय कुवैत के झंडे वाला क्रूड ऑयल टैंकर है और टोगो के लोमे बंदरगाह की ओर जा रहा था। हमले के बाद भारतीय नागरिकों को सुरक्षित तट पर पहुंचाना राहत की खबर है, लेकिन इस घटना ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, क्षेत्र में विभिन्न वाणिज्यिक जहाजों पर ४,५०० से अधिक भारतीय नाविक मौजूद हैं। इनमें फारस की खाड़ी में छह भारतीय-ध्वज वाले वाणिज्यिक जहाज और भारत के लिए माल लेकर चल रहे छह विदेशी-ध्वज वाले जहाज शामिल हैं।
होर्मुज में पांच भारतीय सुरक्षित
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में प्रोजेक्टाइल की चपेट में आए कुवैत-ध्वज वाले टैंकर एमटी काजिमा तृतीय से पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। भारतीय दूतावास ने ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर बचाव अभियान चलाया। सभी पांचों को सुरक्षित तट पर पहुंचाया गया। टैंकर टोगो के लोमे बंदरगाह की ओर जा रहा था।

अन्य समाचार