योगेश कुमार सोनी / पूर्वी दिल्ली
दिल्ली के पेपर मार्केट में अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 12 बसों के खिलाफ कार्रवाई की। इन बसों को अनुचित तरीके से पार्क किया गया था, जबकि इनके चालकों को पहले भी कई बार बसें वहां खड़ी न करने की चेतावनी दी जा चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, करावल नगर ट्रैफिक सर्कल (KPC) के ट्रैफिक इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एक जोनल ऑफिसर (ZO) और एक स्थानीय स्टाफ की टीम ने यह विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पेपर मार्केट में खड़ी 12 बसों को अनुचित पार्किंग और पुलिस के वैध निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में चालान किया गया।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि चालकों को बार-बार समझाने और चेतावनी देने के बावजूद बसें दोबारा उसी स्थान पर खड़ी की जा रही थीं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी। इसी को देखते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की।
ट्रैफिक पुलिस का उद्देश्य बाजार क्षेत्र में यातायात को सुचारु बनाए रखना, अनधिकृत पार्किंग पर अंकुश लगाना और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें और पुलिस के वैध निर्देशों का पालन करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
