मुख्यपृष्ठनए समाचारमहंगाई-बेरोजगारी और निकम्मी सरकार से परेशान... पीओके में सड़क पर उतरे जेन-जी!

महंगाई-बेरोजगारी और निकम्मी सरकार से परेशान… पीओके में सड़क पर उतरे जेन-जी!

-मुनीर-शहबाज के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

-सेना ने की निहत्थे नागरिकों पर गोलीबारी

-संघर्ष में कई लोगों के घायल होने की खबर

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। हजारों लोग महंगाई-बेरोजगारी और निकम्मी सरकार से परेशान हो गए हैं। इसी के चलते पीओके में सड़क पर `जेन-जी’ उतर आए हैं। हजारों लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं और बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। लोगों ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इसी कड़ी में सोमवार को ‘शटर डाउन और व्हील जाम’ हड़ताल का एलान किया गया है। यह आंदोलन अवामी एक्शन कमेटी के नेतृत्व में चल रहा है, जो लंबे समय से लंबित राजनीतिक और आर्थिक अधिकारों की मांग कर रही है।
बता दें कि शनिवार २७ सितंबर को कोटली में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सैनिकों ने गोलियां चलार्इं और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। कई लोग घायल हुए। स्थानीय प्रशासन ने पुलिसकर्मियों के भी जख्मी होने की पुष्टि की। इस आक्रामक रवैए ने जनता के गुस्से को और भड़का दिया, जिससे गहराई तक बैठे असंतोष की झलक साफ दिखाई दी। इस्लामाबाद और पाकिस्तानी सेना ने हालात काबू करने के लिए बल प्रयोग के संकेत दिए हैं। सूत्रों के अनुसार फ्लैग मार्च और अतिरिक्त तैनाती की योजना बनाई जा रही है। कई इलाकों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।
हालात हो सकते हैं गंभीर
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इस्लामाबाद और सेना ने संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का समाधान नहीं किया, तो हालात गंभीर संकट में बदल सकते हैं। इसे बलूचिस्तान जैसे अलगाववादी आंदोलनों से जोड़ा जा रहा है, जिससे पाकिस्तान के रणनीतिक इलाकों की स्थिरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अन्य समाचार