सामना सवांददाता / कल्याण
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सक्रिय समर्थन और पहल के साथ महाराष्ट्र भूषण तीर्थरूप डॉ. नानासाहेब धर्माधिकारी उद्यान आखिरकार नागरिकों के लिए खोल दिया गया। कई महीनों से दुरुस्ती कार्य के कारण बंद पड़े इस उद्यान के न खुलने से नागरिकों को टहलने, व्यायाम और बच्चों के खेल में भारी परेशानी हो रही थी। दुरुस्ती का काम पूरा होने के बावजूद लंबे समय तक उद्यान बंद रखे जाने के विरोध में राष्ट्र कल्याण पार्टी के महासचिव राहुल काटकर ने मनपा से 8 दिसंबर तक उद्यान खोलने की मांग की थी, लेकिन मनपा की ओर से टालमटोल होता रहा।
नागरिकों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए राहुल काटकर ने 9 दिसंबर को प्रत्यक्ष आंदोलन कर उद्यान खुलवाया। मनपा अधिकारियों की उपस्थित में नारियल फोड़कर उद्यान खोलने की घोषणा की गई। इस दौरान उद्यान में 24 घंटे सुरक्षा रक्षक तैनात करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी की गई। इस आंदोलन को शिवसेना (उ.बा.ठा), प्रहार जनशक्ती पक्ष समेत कई सामाजिक संस्थाओं का समर्थन मिला। कार्यक्रम में राष्ट्र कल्याण पार्टी अध्यक्ष शैलेश तिवारी, प्रहार जनशक्ती पक्ष ठाणे जिलाध्यक्ष एड. स्वप्नील पाटील, शिवसेना (उ.बा.ठा) कल्याण पूर्व शहराध्यक्ष शरद पाटील, एड. नीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
