इमरान हाशमी इन दिनों अपने एक नए प्रोजेक्ट की शूटिंग के सिलसिले में उत्तराखंड के हरिद्वार में मौजूद हैं। हाल ही में उनकी फिल्म के सेट पर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब शूटिंग के लिए बनाए गए एक नकली रेस्टोरेंट पर ‘वैâफे एंड बार’ का साइन बोर्ड लगाया गया। हरिद्वार को एक पवित्र धार्मिक नगरी माना जाता है, इसलिए स्थानीय लोगों ने इस बोर्ड पर आपत्ति जताई और फिल्म की टीम के साथ बहस शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्थानीय लोग ‘बार’ शब्द को लेकर नाराजगी जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि इससे शहर की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है। वीडियो में इमरान हाशमी नजर नहीं आ रहे हैं, लेकिन सुरक्षा कर्मी और फिल्म यूनिट के सदस्य लोगों को शांत कराने की कोशिश करते दिख रहे हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर इमरान हाशमी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
