अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा जारी हुई ताजा रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती दुनिया के नंबर-१ गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने चौथे स्थान से छलांग लगाकर सीधे पहला स्थान हासिल कर लिया है। भारतीय टीम पहले ही दुनिया की नंबर-१ टी२० टीम बनी हुई है। दुनिया के टॉप गेंदबाजों में से एक जसप्रीत बुमराह, टी२० बॉलिंग रैंकिंग के टॉप-१० में भी नहीं हैं। टी२० गेंदबाजों की रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती पहले चौथे स्थान पर थे। उन्होंने तीन स्थान की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया है और उनके रेडिंग पॉइंट ७३३ हैं। चक्रवर्ती ने अभी तक एशिया कप २०२५ में भारत के लिए दोनों मैच खेले हैं। यूएई के खिलाफ २ ओवरों में सिर्फ चार रन देकर १ विकेट लिया था। वहीं पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने ४ ओवर में २४ रन देकर एक विकेट लिया था। वरुण चक्रवर्ती न केवल भारत, बल्कि दुनिया के टॉप टी२० गेंदबाज हैं। भारतीयों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर रवि बिश्नोई हैं, जो दो स्थान फिसलकर आठवें नंबर पर चले गए हैं। अक्षर पटेल एक स्थान के फायदे के साथ १२वें पायदान पर हैं। अर्शदीप सिंह को अभी तक एशिया कप में एक भी मैच ना खेलने का नुकसान झेलना पड़ा है। वो टॉप-१० से बाहर होकर १४वें स्थान पर आ गए हैं। कुलदीप यादव ने १६ स्थान की छलांग लगाई है, जिससे वो गेंदबाजों की रैंकिंग में २३वें नंबर पर आ गए हैं।
