सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे से विधान भवन परिसर में मीडिया ने पूछा कि शिवसेना के विधायक का पैसे गिनते हुए वीडियो वायरल हुआ है, तो आदित्य ठाकरे ने कहा कि वे शिवसेना के नहीं, बल्कि गद्दार टोली के हैं। उन्होंने आगे कहा कि शिवसेना एक ही है और वह वीडियो शिवसेना के आधिकारिक खाते से ही ‘एक्स’ पर पोस्ट हुआ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रचार के नाम पर हेलिकॉप्टर में दो बड़े बैग ले जाए जा रहे थे, टीवी पर वह फुटेज दिखाया गया है कि उन बैगों से क्या बांटा जा रहा था। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या उन बैगों में ‘आनंद का शिधा’ था? उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा और सवाल किया कि जो पार्टी खुद को ‘न खाता हूं, न खाने देता हूं’ कहती है, वह इन्हीं लोगों को संरक्षण क्यों देती है? उन पर कार्रवाई क्यों नहीं होती है? आदित्य ठाकरे ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इतना बहुमत होने के बावजूद सरकार नेता प्रतिपक्ष से क्यों डरती है?
अभी और भी वीडियो बाहर आएंगे, कराएं जांच!
राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायक शशिकांत शिंदे ने विधान परिषद में इस वीडियो का मुद्दा उठाते हुए इस मामले में जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी ऐसे वीडियो वायरल हुए थे और आगे भी बाहर आएंगे इसलिए इसके पीछे क्या है, यह जनता को पता चलना चाहिए।
