सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण के महाराष्ट्र के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के बारे में एक विवादास्पद बयान पर उनके बेटे अभिनेता रितेश देशमुख ने करारा जवाब दिया। चव्हाण ने कहा था कि उन्हें इसमें कोई संदेह नहीं है कि विलासराव की यादें लातूर शहर से मिट जाएंगी। चव्हाण के इस बयान से लातूर में आक्रोश की लहर दौड़ गई। रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। ‘मैं हाथ जोड़कर कहता हूं, जनता के लिए जीने वाले लोगों के नाम दिलों में अंकित हैं। जो लिखा है, वह मिटाया जा सकता है, पर जो लोगों के दिलों में अंकित है, उसे नहीं। जय महाराष्ट्र!’ इन चुनिंदा शब्दों से रितेश ने चव्हाण के बयान पर तीखा प्रहार किया। रितेश द्वारा अपलोड किया गया यह वीडियो सभी को पसंद आया है।
नगर पालिका चुनाव के अवसर पर लातूर में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के जोश को देखते हुए कहा जा सकता है कि विलासराव देशमुख की स्मृति को लातूर से मिटा दिया जाएगा। उनके इस बयान से गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चव्हाण से बिना शर्त माफी मांगने और अपना बयान वापस लेने की मांग की है। अमित देशमुख ने कहा, ‘रवींद्र चव्हाण को ऐसा बयान नहीं देना चाहिए था। यह लातूर या महाराष्ट्र की संस्कृति के अनुरूप नहीं है। हम उनके बयान की निंदा करते हैं।’
