मुख्यपृष्ठसमाचारछोटे भाई ने बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला

छोटे भाई ने बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला

झुंझुनू | राजस्थान के झुंझुनू जिले के रसूलपुर गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। चचेरे भाइयों के घर जाने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई को ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, बड़ा भाई अनूप (35) दिल्ली की एक कंपनी में काम करता था और इन दिनों छुट्टियों पर घर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि अनूप के अपने चचेरे भाइयों के घर आने-जाने को लेकर छोटा भाई अजीत नाराज रहता था, जिससे दोनों के बीच तनाव चल रहा था।

गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अनूप चचेरे भाई के घर खाना खाने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान दोनों भाइयों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। आरोप है कि छोटे भाई अजीत ने गुस्से में आकर ट्रैक्टर से बड़े भाई अनूप को कुचल दिया।

इस दौरान जब चचेरे भाई कृष्ण कुमार ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजन गंभीर रूप से घायल अनूप को तुरंत पचेरीकलां के निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे बुहाना के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पंचेरीकलां थाना अधिकारी बनवारी लाल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

मृतक के चचेरे भाई कृष्ण कुमार ने बताया कि अनूप दिल्ली में लोहे की कंपनी में काम करता था और दो दिन पहले ही छुट्टियों पर घर आया था। उन्होंने बताया कि अनूप का अपनी पत्नी से कोई संतान नहीं थी और उसके पिता की भी कुछ समय पहले हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी।

आरोपी अजीत भी शादीशुदा है और गांव में खेती-बाड़ी करता है। बताया जा रहा है कि अनूप के अपने रिश्तेदारों से मेलजोल को लेकर अजीत लंबे समय से नाराज था, जो इस दर्दनाक घटना का कारण बना। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

अन्य समाचार