‘जाको राखे सइयां मार सके न कोय’ कहावत जीशान खान के मामले में उस समय चरितार्थ होती नजर आई जब एक भयंकर रोड एक्सीडेंट में जीशान की जान बाल-बाल बच गई। ‘जीटीवी’ के शो ‘कुमकुम भाग्य’ में आर्यन खन्ना, एकता कपूर के शो ‘नागिन-६’ और ‘लॉक अप’ के साथ ही ‘बिग बॉस ओटीटी’ जैसे शोज में नजर आए जीशान को लेकर खबर है कि उनका भयंकर रोड एक्सीडेंट हो गया है। ८ दिसंबर को वर्सोवा में हुई एक सड़क दुर्घटना में जीशान जहां बाल-बाल बच गए, वहीं उनकी कार का हुलिया पूरी तरह से बिगड़ गया। मिली जानकारी के अनुसार, जीशान के साथ यह घटना वर्सोवा में करीब रात ८.३० बजे हुई, जब जीशान की काले रंग की कार एक ग्रे रंग की कार से टकरा गई। यह टक्कर इतना जोरदार था कि टक्कर लगते ही जीशान की कार के एयरबैग्स खुल गए और कार में लगे एयरबैग्स की वजह से जीशान की जान बच गई।
