८ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
सामना संवाददाता / मुंबई
‘लालच बुरी बला है’, इस कहावत को सही साबित होते हुए मुंबई में देखा गया है। दरअसल, मुंबई के उपनगर डोंबिवली-पूर्व में एक पोंजी स्कीम कंपनी द्वारा आकर्षक मुनाफे का झांसा देकर ७८ लोगों से ठगी करने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने इन आम लोगों से कुल ३ करोड़ ७० लाख रुपए की ठगी की है। फिलहाल, निवेशकों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है।
अब तक नहीं हुई कोई गिरफ्तारी
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। कम समय में अधिक मुनाफा पाने की लालच में डोंबिवली क्षेत्र के ७८ नागरिकों ने एक कंपनी में कुल ३ करोड़ ७० लाख रुपए का निवेश किया था। निवेशकों को अंग्रेजी में निवेश योजनाओं के प्रमाणपत्र दिए गए थे, जिससे लोगों को उक्त योजना पर विश्वास हो गया था।
निवेशकों को हो गया था विश्वास
निवेशकों को शुरू में लगा कि उनका निवेश सुरक्षित है, लेकिन निवेश योजना की समाप्ति पर ग्राहकों को निर्धारित लाभ कंपनी द्वारा नहीं दिया गया। निवेशकों ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। निवेशकों की मूल राशि लौटाने की मांग पर कंपनी संचालकों से अपेक्षित प्रतिक्रिया नहीं मिली। ऐसे में निवेशकों ने महेश भोईर की पहल पर रामनगर पुलिस स्टेशन में वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। सहायक पुलिस निरीक्षक नारले मामले की जांच कर रहे हैं।
आकर्षक रिटर्न का दिया था झांसा
डोंबिवली-पूर्व के बापूसाहेब फड़के रोड पर स्थित एक सोसायटी में आकर्षक निवेश योजना कार्यालय के साझेदारों व कर्मचारियों ने डोंबिवली क्षेत्र के ७८ लोगों को आकर्षक मुनाफा का झांसा देकर ३.७ करोड़ रुपए जमा कराए। हालांकि, आकर्षक रिटर्न या मूल राशि लौटाए बिना उन्होंने निवेशकों से आर्थिक ठगी की है। धोखाधड़ी के इस मामले में डोंबिवली-पश्चिम के सुभाष रोड स्थित कुंभारखानपाड़ा क्षेत्र निवासी महेश रमेश भोईर ने रामनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और संगठित अपराध का मामला दर्ज किया है।
