कविता श्रीवास्तव
बारिश का आगमन होते ही मुंबई में जलभराव और सड़कों पर यातायात जाम होने की समस्याएं शुरू हो गई हैं। यह कोई नई बात नहीं है। इन समस्याओं के ठिकाने भी सबको पता हैं। इसीलिए मुंबई महानगरपालिका ने निर्धारित जगहों पर जलभराव के दौरान पंपिंग मशीनों से पानी फेंकने के ठेके दिए हुए हैं। फिर भी कई ठेकेदार बारिश के दौरान पंपिंग मशीनें स्थापित करने और उसे पूरी क्षमता से चलाने में विफल रहे। परिणामस्वरूप पानी भरता गया और लोगों की परेशानी बढ़ती रही। इसकी भारी शिकायत और आलोचनाओं के बाद महानगरपालिका ने चार ठेकेदारों पर दस-दस लाख रुपए जुर्माना लगाया है। यह सख्ती भी जरूरी है। मुंबई में जगह-जगह खुदी हुई सड़कों और गड्ढों से जनता बहुत परेशान हैं। यातायात खूब प्रभावित है। लोग धूल-मिट्टी, कंकड़ की भरमार को रोज झेल रहे हैं। मुंबई की ७०१ कि.मी. सड़क पर कांक्रीटीकरण का प्लान फरवरी २०२३ में बना था। इसके पहले चरण में ३२४ किलोमीटर और दूसरे चरण में ३७७ किलोमीटर के लिए कार्य आदेश जारी हुआ था। हकीकत यह है कि इन सड़कों का एक तिहाई काम अभी पूरा नहीं हुआ है। जगह-जगह सड़कें खुदी पड़ी हैं। मुंबई की सड़कों का काम बहुत ही धीमी गति से हो रहा है, पर मुंबईवासी यह सब बर्दाश्त कर रहे हैं। अब बारिश में बुरा हाल है। जरूरत है कि सड़कों के ठेकेदारों को कार्य पूरा होने की तिथि संबंधी बोर्ड कार्य स्थल पर लगाने की सख्त हिदायत दी जाए और निर्धारित समय पर काम न होने पर एक्शन हो। इसकी आम जनता को जानकारी रहनी चाहिए। वैसे सड़कों के काम की इस ढुलमुल गति में बारिश का मौसम भी बीत ही जाएगा।
विराट चैलेंज
इंडियन प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट (आईपीएल) का चैंपियंस बनने का रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सपना नौ वर्षों बाद फिर से साकार होने के कगार तक पहुंच गया है। आरसीबी ने एक बार फिर से फाइनल में जगह बना ली है। वैसे यह टीम वर्ष २००९, २०११ और २०१६ में भी फाइनल खेल चुकी है, लेकिन हर बार चैंपियनशिप से चूक गई। केवल उपविजेता रहकर संतोष करना पड़ा। इस बार विराट कोहली, रजत पाटीदार, फाफ डु’प्लेसिस, जोश हेजलवुड, वानिंदु हसरंगा, दिनेश कार्तिक और मोहम्मद सिराज जैसे चैलेंजिंग प्लेयर्स उसके पास हैं। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार की टीम का विराट के साथ आईपीएल चैंपियनशिप के फाइनल चैलेंज तक पहुंचना जबर्दस्त चैलेंजिंग वापसी है। इस टीम के धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा है। आईपीएल फाइनल में वे क्या जलवा दिखाएंगे, इसी का सबको इंतजार है। संभव है टेस्ट क्रिकेट से अपनी विदाई पर वे अपनी आईपीएल टीम को चैंपियनशिप का खिताब ही दिला दें।
