-लाडले पुलिस अफसरों की मनपसंद जगह कर दी पोस्टिंग
-शिंदे-दादा तंबू में मची खलबली
सामना संवाददाता / मुंबई
‘दिल मिले न मिले, हाथ मिलाते रहो और एक दूसरे की जड़ काटते रहो’ वाली कहावत महायुति सरकार में देखने को मिल रही है। मजबूरी में एकदूसरे का साथ लेकर चलने वाले शिंदे गुट, अजीत पवार की एनसीपी और फडणवीस के बीच अंदर ही अंदर कोल्ड वॉर चल रहा है। सबसे अहम बात यह है कि बीजेपी महाराष्ट्र के बाद मुंबई के बीएमसी चुनाव में अपना वर्चस्व जमाना चाहती है और इसके लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक बड़ा खेल कर दिया है। चुनाव की घोषणा होने से पहले फडणवीस ने अपने लाडले पुलिस अफसरों की मनपसंद जगह पर पोस्टिंग कर सब कुछ सेट कर दिया है। १६ पुलिस उपायुक्त और १९ पुलिस निरीक्षकों का तबादला कर दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, अभी ट्रांसफर एक और लिस्ट की निकलने वाली है। फडणवीस की इस चाल से शिंदे गुट और अजीत पवार की एनसीपी में खलबली मच गई है। दोनों की बेचैनी यह बता रही है कि महायुति में बड़ा गेम चल रहा है। एकनाथ शिंदे को यह एहसास होने लगा है कि उन्हें घेरा जा रहा है और उपेक्षा व अनदेखी की जा रही है। अजीत पवार का भी यही हाल है। उनके खिलाफ शिकायतों का पिटारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तक पहुंच चुका है। माना जाता है कि चुनाव में पुलिस की बड़ी भूमिका होती है। चुनावी रैलियां, पोलिंग बूथ और ईवीएम मशीनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस पर ही होती है और इस बीच बड़ा खेला होने का अंदेशा होता है।
बता दें कि मनपा चुनाव में भाजपा इस बार किसी भी हालत में बीएमसी पर अपना कब्जा जमाने की रणनीति बना चुकी है। उसी के तहत परदे के पीछे की हलचल तेज हो गई है। इस बीच पिछले महीने ही वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती को मुंबई पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया।
देवेन भारती को फडणवीस का करीबी माना जाता है और उनके लिए ही विशेष पुलिस आयुक्त का नया पद भी बनाया गया था। मुंबई पुलिस आयुक्त द्वारा जारी तबादले के आदेश के मुताबिक, आईपीएस कृष्णकांत उपाध्याय को फिर से परिमंडल तीन का डीसीपी बनाया गया है। विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें इसी जोन से ट्रांसफर करके मुख्यालय का डीसीपी बनाया गया था। इसके अलावा मुंबई क्राइम ब्रांच के डीसीपी दत्ता नलावडे को फिर से परिमंडल १० का डीसीपी बनाया गया है। क्राइम ब्रांच का डीसीपी बनने से पहले वह परिमंडल १० में ही डीसीपी थे। डीसीपी दत्तात्रय कांबले को परिमंडल तीन से फिर से वापस विशेष शाखा एक में भेज दिया गया है, जहां वे विधानसभा चुनाव से पहले तैनात थे।
महेश चिमटे परिमंडल १२ के डीसीपी
इसके अतिरिक्त संरक्षण विभाग के डीसीपी महेश चिमटे को परिमंडल १२ का डीसीपी, नवनाथ ढवले को परिमंडल ६ से एंटी नारकोटिक्स सेल का डीसीपी, विजयकांत सागर को परिमंडल सात से पोर्ट परिमंडल का डीसीपी, प्रशांत परदेशी को डीसीपी यातायात (दक्षिण), निमित्त गोयल को ईओडब्ल्यू के एसटीएफ का डीसीपी, स्मिता पाटील को मुख्यालय एक का डीसीपी और परिमंडल १० के डीसीपी सचिन गुंजाल को प्रिवेंटिव डीसीपी बनाया गया है। मुंबई के बाहर से आए समीर असलम शेख को परिमंडल ६ का नया डीसीपी, राकेश ओला को परिमंडल ७ का नया डीसीपी और डीजी ऑफिस से तबादला होकर आए राजतिलक रौशन को मुंबई क्राइम ब्रांच का नया डीसीपी बनाया गया है।
