मुख्यपृष्ठनए समाचारन पोल न तार ... फिर भी बिजली बिल आया रु. ९०...

न पोल न तार … फिर भी बिजली बिल आया रु. ९० हजार! …सहारनपुर में सामने आई बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही

यूपी के सहारनपुर में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां पंचायत सचिवालय के नाम पर बिना कनेक्शन, बिना पोल और बिना मीटर के ८२,३५४ रुपए यानी तकरीबन ९० हजार का बिजली बिल भेज दिया गया। पूरा मामला नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव बहरामपुरा का है।

ग्राम प्रधान विक्रम सिंह राठौड़ ने बताया कि पंचायत भवन का निर्माण साल २०२३ में शुरू हुआ था, जबकि बिजली विभाग ने बिल अप्रैल २०२२ से चालू कर दिया। प्रधान का कहना है कि इस स्थान पर आज तक कोई भी बिजली का पोल या तार नहीं लगा है और न ही उन्होंने बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, फिर भी विभाग ने बिना कोई जांच किए एक फर्जी रिपोर्ट लगा दी कि मौके पर बिजली कनेक्शन चालू है। जब दिसंबर २०२४ में उन्हें पहली बार जानकारी मिली कि ७०,६९४ रुपए का बिल बकाया है, तब वे बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और इस घोर लापरवाही पर विरोध दर्ज कराया। इसके बावजूद न तो बिल में कोई संशोधन हुआ, न ही जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई जवाबदेही ली।
अफसरों से शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं
इस पूरे मामले को लेकर ग्राम प्रधान ने १६ दिसंबर २०२४ को अधिशासी अभियंता को लिखित शिकायत दी थी कि इस हवा में चल रहे कनेक्शन को तुरंत बंद किया जाए। लेकिन आज तक विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। जब प्रधान ने अधिकारियों से जवाब मांगा तो एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। एसडीएम को भी मामले की जानकारी दी गई लेकिन रिपोर्ट में वही झूठ दोहराया गया।

सहारनपुर में बिजली विभाग ने पंचायत सचिवालय के नाम पर ८२,३५४ रुपए का बिजली बिल भेजा है। ग्राम प्रधान के मुताबिक, वहां बिजली का न पोल है, न तार और न बिजली का कोई कनेक्शन है।

अन्य समाचार