अपने नोटबुक सेलिब्रेशन के कारण आईपीएल-२०२५ के पूरे सीजन में चर्चा में रहे लखनऊ सुपर जायंट्स के स्पिनर दिग्वेश राठी एक बार फिर चर्चा में हैं। लेकिन इस बार दिग्वेश अपने नोटबुक सेलिब्रेशन को लेकर नहीं, बल्कि लोकल टी-२० मैच में अपनी जादुई गेंदबाजी को लेकर चर्चा में हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में आईपीएल-२०२५ में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा रहे स्पिनर दिग्वेश राठी ने एक घरेलू टी-२० मैच में लगातार पांच गेंदों में पांच विकेट लेकर अपना परचम लहरा दिया। इस घरेलू टी-२० मैच में पहली तीन गेंदों पर उन्होंने दाएं हाथ के बल्लेबाजों को बोल्ड किया, इसके बाद चौथी गेंद पर उन्होंने बाएं हाथ के बल्लेबाज को बोल्ड किया। पांचवीं गेंद भी उन्होंने गुगली डाली, जिस पर बल्लेबाज एलबीडब्ल्यू आउट हुआ। हालांकि, यह मैच आईपीएल-२०२५ से पहले का है और इसका वीडियो लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के मालिक संजीव गोयनका ने सोशल मीडिया में शेयर किया है। बता दें कि दिल्ली में जन्मे २५ वर्षीय दिग्वेश को लखनऊ सुपर जायंट्स ने उनके बेस प्राइस ३० लाख रुपए में खरीदा था और उन्होंने सीजन में १३ मैचों में १४ विकेट चटकाए। अपने करियर में कुल १५ टी-२० मैच खेलने वाले दिग्वेश पर इंडियन प्रीमियर लीग के सीजन-१८ में बार जुर्माना लगा।
