राधेश्याम सिंह / वसई
क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए नालासोपारा (पूर्व) के प्रगति नगर क्षेत्र से एक नाइजीरियन नागरिक को कोकीन और एमडी ड्रग्स के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुल 10 ग्राम कोकीन और 5 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई है। यह कार्रवाई तुलिंज पुलिस स्टेशन की सीमा में की गई, जहां एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच यूनिट-2 को सूचना मिली थी कि प्रगति नगर, हाईटेंशन रोड स्थित मंगलमूर्ति बिल्डिंग के पास एक विदेशी व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास प्रतिबंधित नशे की सामग्री बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत 1 लाख 40 हजार से अधिक बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओकोरोन्येका ओगुडु उर्फ ‘फ्लैशो’ (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूलतः इनुगु स्टेट, नाइजीरिया का निवासी है और वर्तमान में प्रगति नगर, नालासोपारा (पूर्व) में रह रहा था।इस मामले में क्राइम ब्रांच यूनिट-2 में तैनात पुलिस हवलदार प्रशांत ठाकर की शिकायत पर तुलिंज पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य नामों का भी खुलासा किया जा सके।
गौरतलब है कि नालासोपारा का प्रगति नगर इलाका लंबे समय से नाइजीरियन ड्रग माफियाओं की सक्रियता को लेकर पुलिस के रडार पर है। इस क्षेत्र में विदेशी नागरिकों की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस का फोकस खासतौर पर यहीं बना हुआ है। तुलिंज पुलिस पहले भी इसी इलाके से कई नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में ड्रग्स जब्त कर चुकी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि ड्रग्स के खिलाफ यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है और आने वाले दिनों में इस तरह की छापेमारी और तेज की जाएगी।
