-नीट विवाद पर संसद में विपक्ष का संग्राम
-दिल्ली लाठीचार्ज पर लोकसभा में गरजा विपक्ष
-मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
-यह मुद्दा किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य का है। क्या छात्रों की आवाज दबाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जाएगी।
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
विपक्ष का प्रोटेस्ट पार्ट-२ धरने के बाद काले कपड़े पहने संसद पहुंचे सभी सांसद
संसद परिसर में भी विपक्षी सांसद काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए। इस प्रदर्शन में राहुल गांधी, अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। प्रियंका गांधी ने कहा कि छात्र अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार का रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
नीट विवाद और दिल्ली छात्र प्रदर्शन को लेकर संसद में सियासी घमासान छिड़ गया है। नीट-यूजी परीक्षा विवाद और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन को लेकर संसद में बुधवार को जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। विपक्ष केंद्र सरकार को घेरते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ गया। लोकसभा में विपक्ष ने लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई को लेकर मोदी सरकार पर तीखे आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने छात्रों के साथ कथित व्यवहार पर सवाल उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा, जिससे सदन में हंगामा बढ़ गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिसिया बर्बरता का मुद्दा उठाया।
सपा चीफ ने पूछा कि क्या बेटियों के कपड़े फाड़ेंगे आप?
दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा बुधवार को लोकसभा में जोरदार तरीके से उठा। अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर छात्रों की बात नहीं सुनी जाएगी तो विपक्ष सड़कों पर उतरकर उनकी आवाज उठाता रहेगा। यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि ये मुद्दा कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बीजेपी का नहीं है। ये मुद्दा छात्रों, नौजवानों का है। युवा छात्र, नौजवान सबके हैं। हम सब उनके लिए लड़ रहे हैं। अगर छात्रों की नहीं सुनी जाएगी तो सड़कों पर आएंगे। छात्रों के साथ जो व्यवहार हुआ। उनके पैर तोड़े गए, सिर फोड़े गए, क्या बेटियों के कपड़े फाड़ेंगे आप?
पहले शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, फिर चर्चा! खड़गे का सरकार को अल्टीमेटम
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने साफ कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री पद नहीं छोड़ते, तब तक नीट या किसी अन्य मुद्दे पर चर्चा नहीं होने दी जाएगी। विपक्षी सांसदों ने दोनों सदनों में जोरदार नारेबाजी की, जिससे राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर ३ बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही अगले दिन तक स्थगित करनी पड़ी।
