मुख्यपृष्ठनए समाचार‘जबरन पुलिस वैन में खींचा’!

‘जबरन पुलिस वैन में खींचा’!

-सीजेपी प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गर्इं ‘धुरंधर’ फेम आयशा खान
-वरली पुलिस स्टेशन से वीडियो जारी कर अभिनेत्री ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

सामना संवाददाता / मुंबई

फिल्म ‘धुरंधर’ के लोकप्रिय गीत ‘शरारत’ से चर्चा में आर्इं अभिनेत्री आयशा खान को मुंबई पुलिस ने सीजेपी के छात्र आंदोलन से जुड़े प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ले लिया। अभिनेत्री ने पुलिस वैन और बाद में वरली पुलिस स्टेशन से वीडियो साझा कर आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें जबरन खींचकर गाड़ी में बैठाया।
आयशा के मुताबिक, वह प्रदर्शन स्थल पर शांतिपूर्वक खड़ी थी और उस समय उसने न तो कोई भाषण दिया था और न ही नारेबाजी की थी। इसके बावजूद पुलिस उसे अन्य लोगों के साथ वैन में ले गई। वीडियो में अभिनेत्री ने सवाल किया कि बिना किसी चेतावनी और स्पष्ट कारण के उनके साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया।बताया गया है कि प्रदर्शन कथित परीक्षा अनियमितताओं, नीट अभ्यर्थियों की समस्याओं और छात्रों की मौतों के मुद्दे पर आयोजित किया गया था। आयशा खान भी छात्रों के समर्थन में वहां पहुंची थीं। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और मौजूद लोगों ने किसी प्रकार की हिंसा नहीं की थी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठने लगे। हालांकि, आयशा को किस कानूनी आधार पर हिरासत में लिया गया और बाद में कब छोड़ा गया, इस बारे में मुंबई पुलिस की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया तत्काल सामने नहीं आई थी।

अन्य समाचार