छत्तीसगढ़। भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। रविवार को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में शिवसेना कार्यकर्ताओं ने चौक-चौराहों पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का पुतला दहन किया और मैच के आयोजन को ‘देशद्रोही कदम’ करार दिया।
शिवसेना का कहना है कि पाकिस्तान वह देश है जो निर्दोष भारतीय नागरिकों की हत्या करता है और भारत में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देता है। ऐसे देश के साथ क्रिकेट खेलना शहीदों और पीड़ितों का अपमान है। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि जब एक ओर पाकिस्तान भारतीय सैनिकों और नागरिकों पर हमले कर रहा है, तब उससे ‘गले मिलकर क्रिकेट खेलना’ किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है।
शिवसेना ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर तुरंत रोक लगाई जाए और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों से परहेज किया जाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान और BCCI के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
