• राणाप्रताप कालेज में ‘नया जीवन’ वृत्त चित्र का प्रदर्शन
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
नगर के प्रतिष्ठित राणाप्रताप पीजी कॉलेज के अंग्रेजी विभाग एवं श्री अरविंदो सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में महान दार्शनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं युगद्रष्टा श्री अरविंद के जीवन एवं विचारों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘नया जीवन’ का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, प्राध्यापकगण एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से विद्यार्थियों को श्री अरविंद के बहुआयामी जीवन, उनके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, आध्यात्मिक दृष्टिकोण तथा शिक्षा और मानवता के उत्थान के लिए उनके विचारों से अवगत कराया गया। अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष प्रो. निशा सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री अरविंद का जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचार हमें आत्मबल, राष्ट्रप्रेम एवं आध्यात्मिकता का समन्वय सिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे श्री अरविंद के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करें।डॉ. प्रीति प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि ‘नया जीवन’ डॉक्यूमेंट्री केवल श्री अरविंद के जीवन का परिचय नहीं देती, बल्कि यह नई चेतना और सकारात्मक दृष्टिकोण को भी जागृत करती है। इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर ज्योति सक्सेना, बी.एड. विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संतोष कुमार सिंह ‘अंश’, तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग द्वारा किया गया और अंत में सभी ने इस प्रकार के आयोजनों की निरंतरता की आवश्यकता पर बल दिया।
