मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ
विश्व हिंदू परिषद की ओर से राम मंदिर आंदोलन में क्रांतिकारी योगदान देने वाले अयोध्या के पूर्व सांसद विनय कटियार ने शहीद कारसेवकों के परिजनों के लिए बड़ी मांग कर दी है। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट से मांग किया है कि शहीद कारसेवकों के परिजनों की हर तरह से चिंता करे। बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक रहे कटियार भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता व फायरब्रांड हिन्दू नेता के तेवर आज भी वैसे ही हैं जैसे राम मंदिर आंदोलन के समय था। बता दें कि राम मंदिर आंदोलन में शहीद हुए अधिकांश कारसेवकों के परिजनों की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। वर्तमान में राम मंदिर ट्रस्ट के पास बहुत धन संपदा आ चुका है। यदि शहीद कारसेवकों के परिजनों को वहां ट्रस्ट के लोग योग्यतानुसार उनको नौकरियां दे देते तो बहुत अच्छा संदेश जाएगा।
वर्तमान भाजपा नेतृत्व (टीम गुजरात) द्वारा हाशिये पर धकेल दिये गये कटियार ने दोपहर का सामना से कहा कि हमारे पास आज भी राजनीतिक का बहुत अवसर है। पूरा देश है, कहीं से भी शुरुआत कर सकते हैं। हमारे पास बहुत ऑफर है लेकिन मैं ऐसा कुछ नहीं करूंगा जिसको लेकर कोई बात चले। राम मंदिर निर्माण के समय मुस्लिम समुदाय को मस्जिद बनाने की जमीन का मानचित्र नहीं पास हो पाने पर कहा यह मेरी समस्या नहीं है। जिनको बनवाना है वह जाने। अयोध्या नगर के टेढ़ी बाजार में कई मस्जिदें हैं जो नव निर्मित राम मंदिर से बहुत दूर नहीं है। उसको लेकर कभी कोई आपत्ति नहीं हुई। सक्रिय राजनीति के दौरान विनय कटियार भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष, राज्यसभा व लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं।
