कहते हैं मां और बेटी के बीच एक भावनात्मक बंधन होता है और यह बंधन जब तब उनके रिश्तों से छलक ही जाता है। अपनी मां श्रीदेवी से गहरा भावनात्मक संबंध साझा करनेवाली जाह्नवी कपूर वैसे तो अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ ही पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में बनी रहती हैं, लेकिन हाल ही में अपनी फिल्म ‘होमबाउंड’ की स्क्रीनिंग के दौरान जाह्नवी को देख लोगों की निगाहें न केवल उन पर थम गईं, बल्कि लोग जाह्नवी में उनकी मां श्रीदेवी को ढूंढ़ने को मजबूर हो गए। फिल्म ‘होमबाउंड’ की स्क्रीनिंग के दौरान अपनी मां श्रीदेवी को ट्रिब्यूट देते हुए जाह्नवी ने उनकी उस साड़ी को चुना, जिसे श्रीदेवी ने विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के वेडिंग रिसेप्शन पर पहना था। अपनी मां की पश्मीना साड़ी पहन स्क्रीनिंग में पहुंची जाह्नवी को देख जहां लोग श्रीदेवी को याद कर भावुक हो गए, वहीं श्रीदेवी की साड़ी पहन रेड कार्पेट पर इतरानेवाली जाह्नवी को देख लोगों के मन में यह सवाल हिलोरें मारने लगा कि क्या जाह्नवी भी उस मकाम को छू पाएंगी, जिसे श्रीदेवी ने छुआ था!
