मुख्यपृष्ठटॉप समाचारसोनू सूद की प्रॉपर्टी हो सकती है अटैच! ...बेटिंग ऐप लेन-देन...

सोनू सूद की प्रॉपर्टी हो सकती है अटैच! …बेटिंग ऐप लेन-देन बना गले की हड्डी

रॉबिन उथप्पा, युवराज सिंह, अन्वेषी जैन और अंजलि अरोड़ा पर भी संकट के बादल

फिरोज खान / मुंबई
गैर-कानूनी ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप ‘वनएक्सबेट’ के प्रचार-प्रसार को लेकर ‘ईडी’ (प्रवर्तन निदेशालय) मशहूर क्रिकेटर्स और फिल्मी हस्तियों से पूछताछ कर रही है। इसी कड़ी में अब फिल्म अभिनेता सोनू सूद की बारी है। दोषी पाए जाने पर ‘ईडी’ सोनू सूद की प्रॉपर्टी अटैच कर सकती है।
बता दें कि ‘ईडी’ इन हस्तियों से यह पता करने में जुटी है कि इन लोगों को ऐप के प्रसार प्रचार के लिए कितने रुपए मिले और किस मोड से दिए गए? दी गई रकम वैâश, हवाला के जरिए या फिर फर्जी कंपनी के नाम पर दिए गए? कल बुधवार को ‘ईडी’ ने सोनू सूद को अपने दिल्ली कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया था। सोनू सूद से पहले गैर-कानूनी ‘वनएक्सबेट’ ऐप से जुड़े मामले में पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा, युवराज सिंह, सुरेश रैना, शेखर धवन और एक्ट्रेस अन्वेषी जैन व अंजलि अरोड़ा को पूछताछ के लिए बुलाया था। इन सभी हस्तियों से ‘ईडी’ ने आधार कार्ड, पेनकार्ड जैसे दस्तावेज साझा करने को कहा है।

हवाला रैकेट से जुड़ा है मामला
ये पूरा मामला ५,००० करोड़ के हवाला रैकेट से जुड़ा है। इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत केस चल रहा है। बताया जाता है कि ईडी आगे की जांच में फंसे क्रिकेटर और फिल्मी हस्तियों की संपत्ति अटैच कर सकती है।

यूएई से संचालित होता है ‘वनएक्सबेट’ ऐप!
लोगों से हुई है करोड़ों रुपए की ठगी

जुआरी ऐप ‘वनएक्सबेट’ का विज्ञापन करने के चक्कर में कई क्रिकेटर व फिल्मी हस्तियां ‘ईडी’ के निशाने पर हैं। यह जुआ प्लेटफॉर्म यूएई से संचालित होता है। इस कंपनी के संस्थापक ने कुछ दिनों पहले एक भव्य पार्टी का आयोजन किया था, जिसके बाद कंपनी ईडी के राडार पर आ गई और ‘वनएक्सबेट’ ऐप की तहकीकात शुरू हो गई। जांच में यूएई और पाकिस्तान में चल रहे ५,००० करोड़ रुपए के हवाला रैकेट का भी पर्दाफाश हुआ है।
ईडी का मानना है कि ऑनलाइन बैटिंग के जाल में लाखों लोगों को फंसाया गया है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए जनता से करोड़ों रुपए की ठगी और टैक्स चोरी की गई। जनता को अपने जाल में फंसाने के लिए प्लेटफॉर्म ने नामचीन क्रिकेटरों और बॉलीवुड सितारों को अपने प्रचार के लिए इस्तेमाल किया। ‘ईडी’ यह भी पता लगा रही है कि कंपनी ने किस माध्यम से इन सेलेब्रिटीज से संपर्क किया। हस्तियों को पता था कि भारत में ऑनलाइन बेटिंग और गेमिंग गैर-कानूनी हैं, फिर भी कंपनी के प्रचार के लिए मोटी रकम लेकर ये हस्तियां उसका विज्ञापन करने को राजी हो गई थीं।

हस्तियों के गले की हड्डी
‘ईडी’ इन क्रिकेट व फिल्मी हस्तियों से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गैर-कानूनी ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़ने के बाद इन्होंने कौन-सी प्रॉपर्टी कहां खरीदी है। गांव से लेकर अन्य शहरों की प्रॉपर्टी की भी जानकारियां निकाली जा रही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि अवैध सट्टेबाजी ऐप इन सेलेब्रिटीज के गले की हड्डी बन गई है।

अन्य समाचार