शीतल अवस्थी
नवरात्रि पर्व समापन की ओर है। नौ दिनों के इस पर्व में माता के विभिन्न स्वरूपों की पूजा होती है और उन्हें प्रसन्न करने के लिए विभिन्न साधनाएं भी की जाती हैं। नवरात्रि में मनचाही सफलता के लिए विशेष टोटके भी किए जाते हैं। तंत्र शास्त्र के अनुसार, नवरात्रि में किए गए टोटके जल्दी ही शुभ फल प्रदान करते हैं। धन, नौकरी, स्वास्थ्य, संतान, विवाह, प्रमोशन, सुख आदि कई मनोकामनाएं इन दिनों में किए गए टोटकों से प्राप्त होती हैं।
धन लाभ के लिए-
नवरात्रि में किसी भी दिन पीपल के पत्ते पर राम लिखकर तथा कुछ मीठा रखकर हनुमान मंदिर में चढ़ाएं। इससे धन लाभ होने लगेगा या भगवान शंकर को सुबह चावल तथा बिल्व पत्र चढ़ाएं। शीघ्र ही आपकी धन की इच्छा पूरी होगी।
दांपत्य सुख के लिए-
यदि जीवनसाथी से अनबन होती रहती है तो नवरात्रि में इस मंत्र को पढ़ते हुए १०८ बार अग्नि में घी से आहुतियां दें। इससे यह मंत्र सिद्ध हो जाएगा।
सब नर करहिं परस्पर प्रीति।
चलहिं स्वधर्म निरत श्रुति नीति।।
अब नित्य सुबह उठकर पूजा के समय इस मंत्र को २१ बार पढ़ें। यदि संभव हो तो अपने जीवनसाथी से भी इस मंत्र का जप करने के लिए कहें।
मनपसंद वर के लिए-
नवरात्रि के दौरान किसी भी दिन भगवान शिव एवं मां पार्वती पर जल एवं दूध चढ़ाएं और पंचोपचार (चंदन, पुष्प, धूप, दीप एवं नैवेद्य) से उनका पूजन करें। अब मौली से उन दोनों के मध्य गठबंधन करें। अब वहां बैठकर लाल चंदन की माला से निम्नलिखित मंत्र का जाप १०८ बार करें-
हे गौरी शंकरार्धांगी। यथा त्वं शंकर प्रिया।
तथा मां कुरु कल्याणी, कान्त कान्तां सुदुर्लभाम्।।
इसके बाद तीन माह तक नित्य इसी मंत्र का जप शिव मंदिर में अथवा अपने घर के पूजाकक्ष में मां पार्वती के सामने १०८ बार करें। घर पर भी आपको पंचोपचार पूजा करनी है। शीघ्र ही पार्वतीजी की कृपा से आपको सुयोग्य वर की प्राप्ति होगी।
