राजेश सरकार / प्रयागराज
ट्रेन में सफर करते समय एक युवक की लापरवाही ने उसकी जान ले ली। प्रयागराज के मनौरी स्टेशन के पास 25 वर्षीय सद्दाम सिर बाहर निकालकर गुटखा थूक रहा था। इसी दौरान उसका सिर रेलवे ट्रैक किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। जिससे उसका सिर फट गया और वह रेलवे ट्रैक पर गिर पड़ा। हादसे के बाद अन्य यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका और रेलवे पुलिस को सूचना दी। घायल सद्दाम को उसके दोस्त फैसल की मदद से स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया।
दोस्त ने बताया कि सद्दाम शेखपुर पूर्वी मोहल्ला का रहने वाला था और वारी रोड पर सैलून चलाता था। वह अपने साथी फैसल के साथ कानपुर पासपोर्ट बनवाने जा रहा था। हाल ही में उसने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। परिजन हादसे की सूचना पाते ही अस्पताल पहुंच गए। थानाध्यक्ष पुरामुफ्ती मनोज कुमार ने पुष्टि की है कि सद्दाम की मौत चलती ट्रेन से बाहर सिर निकालने के कारण हुई।
