•दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी क्रीड़ा प्रतियोगिता
विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म शताब्दी के अवसर पर खेल विभाग की ओर से स्थानीय पंत स्टेडियम में आयोजित एकदिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता हुई। जूनियर वर्ग की हैंडबाल, वालीबाल की स्पर्धाओं में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। वालीबाल में आठ टीमों ने हिस्सा लिया। पहला सेमीफाइनल डीवीए और स्टेडियम ट्रेनीज के बीच हुआ। जिसमें डीवीए तीन सेट के मुकाबले में २-० से जीत दर्ज की। जबकि दूसरा सेमीफाइनल केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कालेज और एमजीएस कालेज के बीच खेला गया। जिसमें एमजीएस को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। डीवीए और केश कुमारी के बीच फाइनल मैच संघर्ष पूर्ण रहा। जिसमें डीवीए ने २-१ से जीत दर्ज की l मैच में श्रद्धा, प्रियांशी, रिया, काजल, कशिश व प्रिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। हैंडबाल में कुल ९ टीमों ने हिस्सा लिया। दिन भर चले मुकाबलों में पहला सेमीफाइनल लिटिल एंजेल्स और एमजीएस के बीच हुआ। जिसमें लिटिल एंजेल्स ने एमजीएस को १२-११ हराया। दूसरा सेमीफाइनल डीएचए और स्टेडियम के बीच हुआ जिसमें स्टेडियम ने१०-७ से जीत दर्ज की।
फाइनल मुकाबला लिटिल एंजेल्स और स्टेडियम के बीच हुआ, जिसमें स्टेडियम के खिलाडियों ने बढ़िया प्रदर्शन करते हुए १३-१० से जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। मैच में वैभव सिंह, कृष्णा, मेहताब, अशलम् विजय नारायण सेन ने बढ़िया प्रदर्शन किया। टेबल टेनिस की स्पर्धाओं में रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। बालिका सब जूनियर संवर्ग में मधु ने आफिया बानो को पांच सेटों के मुकाबले में ३-० से हराया। जूनियर वर्ग मे आसना ने कायनात को ३-१ से हराया। बालक वर्ग डबल्स में अरुणिमा और अंजल की जोड़ी ने रिद्धि और श्रृष्टि की जोड़ी को ३-० से शिकस्त दे दी। किशोर वर्ग डबल्स में आरिफ़ा और श्रेयसी ने कल्पना और राशिका की जोड़ी को ३-२ से हराया l बालक संवर्ग सिंगल में नैतिक ने निलेश को ३-१ से हराया, वहीं किशोर वर्ग में अमर भीम ने गौरव को ३-० से हराया, 14 वर्ष आयु वर्ग डबल्स में दानियाल और अब्दुल की जोड़ी ने ऋषभ और दारा की जोड़ी को ३-० से हराया। किशोर वर्ग डबल्स में अनमोल और रेयान की जोड़ी ने अमर भीम और गौरव की जोड़ी को ३-२ से हरा दिया। निर्णायक जानशी सिंह, भानू, जीशान अनस करन सिंह, आसिफ, साक्षी, श्वेता, दिव्यांशी, आरिफ, पूजा यादव, बुशरा, सत्तार, कशिश व फातिमा रहे। संचालन मुनेन्द्र मिश्र ने किया। विजेता खिलाड़ियों को आरटीजीएस के माध्यम से उनके खाते में सीधा पुरस्कार राशि भेजी जाएगी l इस अवसर पर हैंडबाल के राष्ट्रीय खिलाड़ी विक्रम सिंह, एमएस बेग, तारिक वसीम, खेल प्रवक्ता राजेश कनौजिया, टीटू यादव, स्टेडियम कोच प्रवीण मिश्र, राम नरेश, आशा, आशुतोष गुप्त, आनंद श्रीवास्तव, श्याम धर ओझा, पुलक डे, शिवम मौजूद रहे l
इसके पूर्व जिला क्रीड़ाधिकारी राजेश सोनकर की अगुवाई में प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी एवं भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष चंदन नारायण सिंह, महामंत्री धर्मेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से किया। और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया।
